कांग्रेस नेताओं ने एकनाथ शिंदे गुट की कार्रवाई की निंदा की; विजय वडेट्टीवार और बालासाहेब थोरात ने भी उठाए सवाल
न्यूज़म ब्यूरो
मुंबई, 18 नवंबर। कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी की पुस्तक ‘बिलॉन्गिंग : ए जर्नी ऑफ लव’ की प्रतियां फाड़े जाने को लेकर महाराष्ट्र कांग्रेस ने एकनाथ शिंदे गुट पर तीखा हमला बोला है। महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने इस कार्रवाई की निंदा करते हुए इसे गद्दार सेना के बौद्धिक दिवालियापन का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि पुस्तक फाड़ने से इतिहास और सच्चाई नहीं मिटाई जा सकती। सूरज पर थूकने से थूक वापस अपने ऊपर ही गिरता है।
पुस्तक फाड़ने के बजाय उस पर चर्चा करें : सपकाल
सपकाल ने कहा कि सोनिया गांधी की पुस्तक फाड़ने से उनके व्यक्तित्व और योगदान पर कोई असर नहीं पड़ेगा, बल्कि इससे संबंधित लोगों की सोच सामने आती है। यदि पुस्तक में लिखी बातों से किसी को आपत्ति है तो उसे पढ़कर लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करना चाहिए। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाले गुट से सभ्यता और संस्कृति की अपेक्षा करना व्यर्थ है।
उन्होंने यह भी कहा कि यदि शिंदे में साहस है तो वे उन सरकारी निर्णयों के जीआर फाड़कर दिखाएं, जिन्हें देवेंद्र फडणवीस ने शिंदे के मुख्यमंत्री रहते हुए बाद में रद्द किया था।
सपकाल ने कहा कि सोनिया गांधी ने भारतीय संस्कृति को अपनाया है। इंदिरा गांधी और राजीव गांधी ने देश के लिए बलिदान दिया, जबकि सोनिया गांधी ने प्रधानमंत्री पद स्वीकार नहीं करके त्याग का उदाहरण पेश किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस कार्रवाई का राजनीतिक और लोकतांत्रिक तरीके से जवाब देगी।
पुस्तक के पन्ने फाड़ने से सत्य नहीं मिटेगा : विजय वडेट्टीवार
विधानमंडल में कांग्रेस विधायक दल के नेता विजय वडेट्टीवार ने कहा कि पुस्तक के पृष्ठ संख्या 201 को फाड़कर विरोध जताने वालों ने अपनी वैचारिक सोच का परिचय दिया है। उन्होंने कहा कि देश में अभिव्यक्ति और लेखन की स्वतंत्रता है। यदि पुस्तक में लिखी बातों से असहमति है तो उसका लोकतांत्रिक तरीके से विरोध किया जाना चाहिए या उसके जवाब में दूसरी पुस्तक लिखनी चाहिए। पुस्तक की प्रतियां फाड़ना उचित तरीका नहीं है।
पुस्तक फाड़कर प्रचार पाने की कोशिश : बालासाहेब थोरात
कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्य बालासाहेब थोरात ने भी इस घटना की निंदा की। उन्होंने कहा कि किसी पुस्तक के विचारों से असहमति हो सकती है, लेकिन उसका जवाब पढ़कर और मुद्दों पर चर्चा करके देना चाहिए। पुस्तक फाड़कर प्रचार पाने की कोशिश दुर्भाग्यपूर्ण है। थोरात ने शिंदे गुट पर निशाना साधते हुए कहा कि जिन लोगों का अपना राजनीतिक इतिहास स्पष्ट नहीं है, उनका सोनिया गांधी के जीवन सफर पर टिप्पणी करना हास्यास्पद है।
शिंदे गुट सात्यकी सावरकर से पूछे : सचिन सावंत
कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव सचिन सावंत ने भी शिंदे गुट की कार्रवाई पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पुस्तक फाड़ने से उसमें दर्ज तथ्यों को नहीं मिटाया जा सकता। उन्होंने पुस्तक में विनायक दामोदर सावरकर से संबंधित कथित आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर विवाद पर सात्यकी सावरकर के न्यायालय में दिए गए स्पष्टीकरण का हवाला देते हुए शिंदे गुट को उनसे जानकारी लेने की सलाह दी।
सावंत ने यह भी सवाल उठाया कि मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे द्वारा सोनिया गांधी के जन्मदिन पर अखबारों के पहले पन्ने पर विज्ञापन दिए जाने की बात क्या वे भूल गए हैं? उन्होंने कहा कि राजनीतिक मतभेदों का जवाब तथ्यों और विचारों के माध्यम से दिया जाना चाहिए, न कि पुस्तक की प्रतियां फाड़कर।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।