लिफ्ट में फंसे यात्रियों की सुरक्षा के लिए सरकार सख्त, बच्चों के अकेले सफर पर रोक

12 साल से कम उम्र के बच्चों को वयस्क के बिना लिफ्ट और एस्केलेटर इस्तेमाल करने की अनुमति नहीं; दुर्घटना की सूचना 24 घंटे में देना होगा

न्यूज़म ब्यूरो

मुंबई , 18 नवंबर। महाराष्ट्र में लिफ्ट और एस्केलेटर के इस्तेमाल को सुरक्षित बनाने के लिए राज्य सरकार ने नए नियम लागू किए हैं। एक नवंबर से प्रभावी महाराष्ट्र लिफ्ट, एस्केलेटर और मूविंग वॉक नियमावली 2026 के तहत अब 12 साल से कम उम्र के बच्चे माता-पिता या किसी अन्य वयस्क के साथ के बिना लिफ्ट और एस्केलेटर का इस्तेमाल नहीं कर सकेंगे। ठाणे समेत राज्य के सभी शहरों की आवासीय इमारतों, मॉल और व्यावसायिक परिसरों में इन नियमों का पालन करना होगा।

दुर्घटना छिपाने पर होगी जवाबदेही

नई व्यवस्था के तहत लिफ्ट या एस्केलेटर से जुड़ी किसी भी दुर्घटना की जानकारी 24 घंटे के भीतर विद्युत निरीक्षक और स्थानीय पुलिस को देना अनिवार्य होगा। इससे हादसों की समय पर रिपोर्टिंग और जांच हो सकेगी। नियमों का उल्लंघन होने पर संबंधित इमारत प्रबंधन की जवाबदेही तय की जाएगी।

Advertisement

सीसीटीवी और रेस्क्यू सिस्टम लगाना होगा

लिफ्ट में सीसीटीवी कैमरे और ऑटोमैटिक रेस्क्यू डिवाइस लगाना भी जरूरी कर दिया गया है। इसके लिए 28 अक्टूबर 2027 तक की समयसीमा निर्धारित की गई है। बिजली गुल होने या तकनीकी खराबी के कारण लिफ्ट बंद होने पर यह उपकरण उसमें फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने में मदद करेगा।

लिफ्ट का बीमा और नियमित जांच अनिवार्य

नए नियमों के अनुसार, प्रत्येक लिफ्ट का थर्ड पार्टी बीमा कराना होगा, ताकि दुर्घटना की स्थिति में प्रभावित लोगों को मुआवजा मिल सके। यह व्यवस्था आवासीय सोसायटियों और व्यावसायिक इमारतों दोनों पर लागू होगी।

ठेकेदारों को बनाना होगा सेवा केंद्र

लिफ्ट लगाने और रखरखाव का काम करने वाले ठेकेदारों को संबंधित क्षेत्रों में अतिरिक्त सेवा केंद्र स्थापित करने होंगे, ताकि तकनीकी खराबी की शिकायत पर जल्द सहायता मिल सके। इसके अलावा सोसायटियों और व्यावसायिक परिसरों को पंजीकृत ठेकेदार से हर महीने लिफ्ट की जांच और सर्विसिंग करानी होगी। प्रबंधन को जांच और रखरखाव का रिकॉर्ड भी नियमित रूप से अपडेट रखना होगा।

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Add a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
↑
Tap to Refresh