मानखुर्द से अपहृत 2 साल का बच्चा 40 घंटे बाद सकुशल बरामद, दंपति गिरफ्तार

मुंबई, 26 सितंबर। मानखुर्द पुलिस ने दो साल चार महीने के बच्चे के अपहरण का मामला 40 घंटे के भीतर सुलझाते हुए उसे सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने बच्चे के अपहरण के आरोप में एक महिला और उसके पति को गिरफ्तार किया है। बरामद बच्चे को उसके माता-पिता को सौंप दिया गया है।

परिवार के साथ घूमते समय लापता हुआ बच्चा

पुलिस के अनुसार, 23 सितंबर की शाम करीब 6 बजे मानखुर्द मार्केट रोड इलाके में बच्चा अपने परिवार के साथ घूम रहा था। इसी दौरान वह अचानक लापता हो गया। परिजनों ने तत्काल मानखुर्द पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 627/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2) के अनुसार अपहरण का मामला दर्ज किया।

आठ विशेष टीमों ने चलाया तलाशी अभियान

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर मानखुर्द, देवनार, आरसीएफ और ट्रॉम्बे पुलिस की कुल आठ विशेष टीमें गठित की गईं। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में एक महिला बच्चे को अपने साथ ले जाती हुई दिखाई दी।

Advertisement

इसके बाद पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर तंत्र की मदद से संदिग्ध महिला की पहचान की और उसके संभावित ठिकानों पर तलाशी शुरू की। बच्चे को मुंबई से बाहर ले जाए जाने की आशंका के चलते रेलवे स्टेशनों और मुंबई से बाहर जाने वाले प्रमुख मार्गों पर भी निगरानी बढ़ाई गई।

महिला और उसका पति गिरफ्तार

लगातार 40 घंटे की तलाश के बाद पुलिस ने बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने अपहरण के आरोप में मुस्कान भोलाकुमार साह तथा उसकी मदद करने के आरोप में उसके पति भोलाकुमार जग्गू साहा को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी दुर्गामाता मंदिर गली, महाराष्ट्र नगर, मानखुर्द, मुंबई के निवासी बताए गए हैं।

पुलिस ने बच्चे को सुरक्षित उसके माता-पिता को सौंप दिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।

यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त देवन भारती, सह पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) मनोज कुमार शर्मा, अपर पुलिस आयुक्त (पूर्व प्रादेशिक) धनंजय कुलकर्णी, पुलिस उपायुक्त जोन-7 समीर शेख, सहायक पुलिस आयुक्त ट्रॉम्बे प्रमोद कोकाटे तथा वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक बिलाल शेख के मार्गदर्शन में की गई।

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Add a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
↑
Tap to Refresh