कैफे के बाहर मामूली विवाद ने लिया खौफनाक मोड़, 17 वर्षीय किशोर की मौत; आरोपी भी नाबालिग

मारपीट में सिर के पिछले हिस्से में गंभीर चोट लगने के बाद अस्पताल में तोड़ा दम; पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू की।

राहुल गुप्ता

वसई-विरार, 17 अक्टूबर। नालासोपारा पूर्व में एक कैफे के बाहर मामूली विवाद के बाद 17 वर्षीय किशोर की कथित तौर पर मारपीट कर हत्या कर दी गई। घटना 14 अक्टूबर 2026 की रात करीब 11:30 बजे ‘बैठक कैफे’ के सामने हुई। मामले में आचोले पुलिस थाने में हत्या का मामला दर्ज किया गया है। आरोपी की उम्र 16 वर्ष बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, किसी बात को लेकर दोनों किशोरों के बीच कहासुनी हुई थी। विवाद बढ़ने पर 16 वर्षीय आरोपी ने कथित तौर पर पीड़ित के चेहरे, छाती और पेट पर मुक्कों से हमला किया। इसी दौरान उसने पीड़ित की गर्दन को अपनी बाईं बगल में दबाकर उसे फुटपाथ पर धक्का दे दिया। गिरने के दौरान किशोर के सिर के पिछले हिस्से में गंभीर चोट लगी।

घायल किशोर को तुरंत नालासोपारा के नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

Advertisement

जांच के बाद हत्या का मामला दर्ज

शुरुआत में आचोले पुलिस थाने में आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज किया गया था। हालांकि, पुलिस की विस्तृत जांच और पड़ताल के बाद मामले में हत्या की आशंका सामने आई, जिसके बाद हत्या का अपराध दर्ज किया गया।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी भी नाबालिग है और उसे विधि से संघर्षरत बालक माना गया है। उसे अभिभावकों के सुपुर्द कर दिया गया है और आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए नियमानुसार उपस्थित रहने का नोटिस दिया गया है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Add a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
↑
Tap to Refresh