आईआईटी बॉम्बे में अचानक भड़की आग, दो मासूमों समेत पांच लोग झुलसे

रात करीब 10:30 बजे मजदूरों के कैंप में हुआ हादसा, घायलों में 4 की हालत को देखते हुए दूसरे अस्पताल में किया गया रेफर

राहुल गुप्ता

मुंबई, 9 अक्टूबर। रोज की तरह मजदूर अपने काम के बाद कैंप में मौजूद थे, तभी गैस सिलेंडर से रिसाव शुरू हो गया। वहां खेल रहे 2 बच्चे यह देखने के लिए सिलेंडर के करीब पहुंचे, लेकिन इससे पहले कि वे खतरे को समझ पाते, अचानक आग भड़क उठी। बच्चों को बचाने दौड़े मजदूर भी लपटों की चपेट में आ गए। इस हादसे में 2 बच्चों समेत 5 लोग झुलस गए।

घटना गुरुवार रात करीब 10:30 बजे भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) बॉम्बे के निर्माणाधीन परिसर में बने लेबर कैंप में हुई। जानकारी के मुताबिक, कैंप के पास रखे गैस सिलेंडर से रिसाव हो रहा था। देखते ही देखते आग फैल गई और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

5 घायलों में 2 बच्चे भी शामिल

Advertisement

हादसे में अंश अहिरवार (12), तहजीब आलम (9), ईश्वर सिंह (37), शिवकुमार सिंह (34) और अनिलकुमार यादव (23) झुलस गए। साथी मजदूरों और सुरक्षाकर्मियों की मदद से सभी घायलों को घाटकोपर स्थित राजावाड़ी अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद 4 घायलों को बेहतर इलाज के लिए कस्तूरबा अस्पताल रेफर कर दिया गया।

कैसे हुआ हादसा, जांच में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। फिलहाल गैस सिलेंडर से रिसाव होने और आग भड़कने के सटीक कारणों की जांच की जा रही है।

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Add a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
↑
Tap to Refresh