विभागों को एकीकृत कार्ययोजना और तकनीक आधारित निगरानी के निर्देश, आमिर खान ने जनभागीदारी पर दिया जोर
न्यूज़म ब्यूरो
मुंबई, 10 अक्टूबर। महाराष्ट्र को सूखा-मुक्त बनाने के लिए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सभी विभागों को समन्वय के साथ जल संरक्षण कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया है। उन्होंने बारिश की हर बूंद सहेजने और पानी के बेहतर प्रबंधन के लिए ‘पानी-पानी-पानी’ की अवधारणा पर जोर दिया। शनिवार को वर्षा आवास पर आयोजित बैठक में उन्होंने प्रशासन से पानी फाउंडेशन सहित गैर-सरकारी संगठनों के साथ मिलकर अभियान को गति देने का आह्वान किया।
एकीकृत कार्ययोजना और निगरानी पर जोर
फडणवीस ने कहा कि जल संरक्षण के कार्यों के लिए एकीकृत कार्ययोजना तैयार की जाए। इसके प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सक्षम प्रशासनिक व्यवस्था स्थापित करने और तकनीक आधारित निगरानी प्रणाली विकसित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने सभी संबंधित विभागों से योजनाओं में तालमेल रखने और काम में देरी से बचने को कहा। इस वर्ष वाटर कप अभियान भी जल्दी शुरू किया जा रहा है।
जनभागीदारी से मजबूत होगा जल संरक्षण अभियान
अभिनेता आमिर खान ने कहा कि आगामी गर्मियों को देखते हुए जल संरक्षण के काम लगातार जारी रखना जरूरी है। उन्होंने बताया कि मानसून से पहले कार्यों में तेजी लाने के लिए जनवरी से मई तक किसानों के प्रशिक्षण और जनजागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। उन्होंने जल के पुनः उपयोग, भूजल पुनर्भरण और जल संसाधनों के संरक्षण पर विशेष ध्यान देने की जरूरत बताई। साथ ही, प्रत्येक गांव में घर-घर से जल संरक्षण अभियान में भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
वरिष्ठ अधिकारी बैठक में रहे मौजूद
बैठक में शहरी विकास राज्यमंत्री माधुरी मिसाल, ए.टी.ई. चंद्रा फाउंडेशन के अमित चंद्रा, पानी फाउंडेशन के सत्यजीत भटकल और विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। इनमें राजस्व विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव विकास खडग़े, वित्त विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव विकास चंद्र रस्तोगी, जल आपूर्ति एवं स्वच्छता विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव पराग जैन-नैनुतिया और मुख्यमंत्री कार्यालय के अधिकारी भी उपस्थित थे।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।