रालेगांव सिद्धि के स्थानीय अस्पताल में भर्ती थे अन्ना हजारे, हालत बिगड़ने पर मुंबई लाया गया; एक्यूट वायरल इंफेक्शन के साथ यूटीआई, डिहाइड्रेशन और किडनी से जुड़ी समस्या की भी जानकारी
समाजसेवी अन्ना हजारे की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें मुंबई के बॉम्बे हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। इससे पहले उनका इलाज उनके गांव रालेगांव सिद्धि के स्थानीय अस्पताल में चल रहा था। हालत बिगड़ने के बाद उन्हें मुंबई लाया गया। बताया जा रहा है कि अन्ना हजारे एक्यूट वायरल इंफेक्शन से पीड़ित हैं। बीमारी और बढ़ती उम्र के कारण वह काफी कमजोर हो गए हैं। फिलहाल उन्हें आईसीयू में रखा गया है।
जानकारी के मुताबिक, अन्ना हजारे का इलाज संक्रामक रोगों के विशेषज्ञ डॉ. गौतम भंसाली की निगरानी में किया जा रहा है। अस्पताल में भर्ती होने के बाद डॉक्टरों की टीम उनकी स्वास्थ्य स्थिति का लगातार आकलन कर रही है। विभिन्न मेडिकल जांचों के जरिए वायरल संक्रमण और डिहाइड्रेशन का उनके स्वास्थ्य पर कितना प्रभाव पड़ा है, इसका पता लगाया जा रहा है।
यूटीआई से भी पीड़ित हैं अन्ना
बॉम्बे हॉस्पिटल में भर्ती कराए जाने के समय अन्ना हजारे यूरिनरी ट्रैक्ट इंफेक्शन यानी यूटीआई से भी पीड़ित थे। यूटीआई यूरिनरी ट्यूब, ब्लैडर या किडनी में होने वाला संक्रमण है। इसके अलावा उन्हें गंभीर डिहाइड्रेशन यानी शरीर में पानी की कमी की समस्या भी सामने आई थी। किडनी से जुड़ी परेशानी की भी जानकारी सामने आई है।
कौन हैं अन्ना हजारे?
अन्ना हजारे देश के प्रसिद्ध समाजसेवी हैं और भारत में भ्रष्टाचार विरोधी आंदोलन के प्रमुख चेहरों में शामिल रहे हैं। भारतीय सेना में सेवा देने के बाद उन्होंने अपने गांव रालेगांव सिद्धि के विकास का जिम्मा उठाया। जल संरक्षण, ग्राम स्वराज, शिक्षा और नशाबंदी जैसे अभियानों के जरिए उन्होंने गांव को देश के आदर्श गांवों में शामिल कराया।
अन्ना हजारे की तबीयत बिगड़ने की खबर के बाद उनके समर्थकों और शुभचिंतकों की चिंता बढ़ गई है। फिलहाल डॉक्टरों की टीम उनकी स्थिति पर नजर बनाए हुए है। उनकी सेहत को लेकर आगे की जानकारी मेडिकल जांच और अस्पताल की ओर से जारी आधिकारिक अपडेट के बाद सामने आने की उम्मीद है।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।