मुलुंड में BEST बस की ट्रैवल्स बस से आमने-सामने टक्कर, चालक घायल

मेट्रो निर्माण के चलते वन-वे व्यवस्था के दौरान हुआ

रीमा सिंह

मुंबई, 20 सितंबर।

मुलुंड के रैली वुल्फ इलाके में रविवार सुबह मेट्रो निर्माण कार्य के चलते लागू की गई वन-वे यातायात व्यवस्था के दौरान BEST बस और एक ट्रैवल्स बस के बीच आमने-सामने की टक्कर हो गई। हादसे में BEST बस चालक संदीप नामदेव करांडे (40) घायल हो गए। टक्कर के बाद BEST बस के बोनट में आग लग गई, लेकिन बस कंडक्टर की तत्परता से आग पर तत्काल काबू पा लिया गया। चालक की हालत स्थिर बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, BEST की बस क्रमांक 7715 (एमएच-01-डीआर-5024) रूट क्रमांक 496/31 पर SEEPZ से तीन हाथ नाका की ओर जा रही थी। सुबह करीब 5.50 बजे रैली वुल्फ, मुलुंड के पास मेट्रो निर्माण कार्य के कारण यातायात को एकतरफा किया गया था। इसी दौरान सामने से आ रही ट्रैवल्स बस क्रमांक एमएच-09-एफएल-1044 BEST बस से आमने-सामने टकरा गई।

Advertisement

टक्कर इतनी जोरदार थी कि BEST बस चालक करांडे के पेट में स्टीयरिंग से गंभीर चोट लगी। उनके दाहिने पैर में भी चोट आई, जिससे खून बहने लगा। दुर्घटना के तुरंत बाद बस के बोनट कंपार्टमेंट में आग लग गई। स्थिति को देखते हुए बस कंडक्टर ने बिना समय गंवाए बस में उपलब्ध अग्निशामक यंत्र का इस्तेमाल किया और आग को बुझा दिया।

हादसे की जानकारी मिलने पर यात्रियों ने दमकल विभाग को सूचना दी। दमकल की टीम के मौके पर पहुंचने से पहले ही आग पूरी तरह बुझ चुकी थी। इसके बाद घायल चालक को बस कंडक्टर ने तत्काल अग्रवाल अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में उनका उपचार शुरू किया गया। अधिकारियों के अनुसार, चालक होश में हैं और उनकी स्थिति फिलहाल स्थिर है।

हादसे की सूचना मिलते ही ट्रैफिक अधिकारी क्रमांक 07 खांडे, मातेश्वरी के ट्रैफिक अधिकारी शिरसाठ, दुर्घटना निरीक्षक क्रमांक 73 और मुलुंड के बस निरीक्षक क्रमांक 7909 घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने दुर्घटना की स्थिति का जायजा लिया और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।

क्षतिग्रस्त BEST बस के कारण सड़क पर यातायात प्रभावित न हो, इसके लिए बस नियंत्रण कक्ष को एलएम लॉरी/रेक्टर भेजकर बस को घटनास्थल से हटाने तथा आवश्यक यांत्रिक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। दुर्घटना की आगे की जांच संबंधित अधिकारियों द्वारा की जा रही है।

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Add a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
↑
Tap to Refresh