बिजली आपूर्ति में मजबूती, बस बेड़े के विस्तार और डिजिटल परिवहन पर जोर,बस बेड़ा 10 हजार तक बढ़ाने का लक्ष्य
न्यूज़म ब्यूरो
मुंबई, 7 अक्टूबर। बृहन्मुंबई इलेक्ट्रिक सप्लाई एंड ट्रांसपोर्ट (BEST) उपक्रम का वर्ष 2027-28 का बजट अनुमान BEST समिति के समक्ष पेश किया गया। महानगरपालिका आयुक्त (शहर) एवं BEST की प्रभारी महाप्रबंधक प्राजक्ता वर्मा ने 7 अक्टूबर 2026 को बजट प्रस्तुत किया। बजट में पूरे उपक्रम के लिए 1,317.50 करोड़ रुपये के अनुमानित घाटे का अनुमान लगाया गया है। वहीं, पूंजीगत व्यय के लिए 647.79 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
बिजली आपूर्ति से 201.21 करोड़ रुपये का अधिशेष
2027-28 के बजट अनुमान के अनुसार BEST की बिजली आपूर्ति शाखा से 5,007.51 करोड़ रुपये की आय और 4,806.30 करोड़ रुपये के व्यय का अनुमान है। इस तरह बिजली आपूर्ति विभाग में 201.21 करोड़ रुपये के अधिशेष का अनुमान लगाया गया है। इसके विपरीत परिवहन विभाग की आय 3,551.55 करोड़ रुपये तथा व्यय 5,070.26 करोड़ रुपये रहने का अनुमान है, जिससे परिवहन विभाग को 1,518.71 करोड़ रुपये का घाटा होने की संभावना है।
बिजली नेटवर्क को मजबूत करने पर जोर
बजट में केंद्र सरकार के विद्युत मंत्रालय की पुनर्गठित वितरण क्षेत्र योजना (RDSS) के तहत 33 केवी रिसीविंग सबस्टेशनों में सुधार और क्षमता विस्तार का प्रस्ताव है। 2026-27 में छह 33/11 केवी पावर ट्रांसफॉर्मर बदलने और एक अतिरिक्त 16 एमवीए ट्रांसफॉर्मर लगाने की योजना है। इससे रिसीविंग सबस्टेशनों की क्षमता में 27 एमवीए की वृद्धि होगी। 2027-28 में एक 15 एमवीए ट्रांसफॉर्मर बदलने का प्रस्ताव है। पुराने 33 केवी और 11 केवी सर्किट ब्रेकरों को भी नए ब्रेकरों से बदलने की योजना है।
वितरण ट्रांसफॉर्मर और केबल नेटवर्क में विस्तार
बजट में 2026-27 और 2027-28 के दौरान क्रमशः 350 और 150 वितरण ट्रांसफॉर्मर बदलने का प्रस्ताव है। इसके अलावा पुराने 11 केवी ओसीबी तथा रिंग मेन यूनिट को बदलने की योजना है। वितरण नेटवर्क को मजबूत करने के लिए 2026-27 में 33 केवी, 11 केवी और 1.1 केवी क्षमता की क्रमशः 60, 120 और 40 किलोमीटर केबल बदलने का प्रस्ताव है। 2027-28 में 11 केवी की 50 किलोमीटर नई केबल बिछाई जाएगी।
नए रिसीविंग सबस्टेशन और पावर ट्रांसफॉर्मर
2026-27 में एम.जी.एम. अस्पताल, पिंपलवाड़ी (गिरगांव) और अरन्या टावर (उत्तर) में 8-8 एमवीए क्षमता वाले नए 33/11 केवी रिसीविंग सबस्टेशन शुरू करने का प्रस्ताव है। 2027-28 में भारत एंड पोद्दार मिल, अरन्या टावर (दक्षिण), न्यू हिंद मिल और श्रीराम मिल में नए रिसीविंग सबस्टेशन प्रस्तावित हैं। साथ ही एंटॉप हिल टर्मिनस, लव ग्रोव, लोढ़ा क्राउन टी-6 आदि क्षेत्रों में अतिरिक्त पावर ट्रांसफॉर्मर लगाए जाएंगे।
स्मार्ट निगरानी से बिजली कटौती कम करने की तैयारी
BEST में एडवांस्ड डिस्ट्रीब्यूशन मैनेजमेंट सिस्टम (ADMS) लागू करने का प्रस्ताव है। इसका उद्देश्य बिजली वितरण नेटवर्क की प्रभावी निगरानी और बिजली आपूर्ति बाधित रहने की अवधि को कम करना है। इसके अलावा आईटी/ओटी एकीकरण के तहत मीटर डेटा प्रबंधन, मीटरिंग, बिलिंग एवं संग्रह, ईआरपी और 24 घंटे कॉल सेंटर संचालन को शामिल किया जाएगा।
यात्रियों के लिए डिजिटल परिवहन व्यवस्था
बस विभाग में इंटीग्रेटेड ट्रांसपोर्ट मैनेजमेंट सिस्टम (ITMS) को आगे बढ़ाने का प्रस्ताव है। इसके तहत बसों की वास्तविक समय में निगरानी, बसों के आगमन-प्रस्थान की सटीक जानकारी, मार्ग और टिकट संबंधी सुविधाएं तथा मोबाइल एप के माध्यम से आपातकालीन सूचना उपलब्ध कराने की योजना है। बस चालकों के व्यवहार की निगरानी के लिए कैमरे और केंद्रीय कमांड एवं नियंत्रण केंद्र की व्यवस्था भी प्रस्तावित है।
ONDC से मोबाइल टिकटिंग का विस्तार
BEST ने 21 अप्रैल 2026 से ONDC नेटवर्क पर क्यूआर कोड आधारित मोबाइल टिकटिंग शुरू की है। फिलहाल यात्री ‘ONE Ticket’ मोबाइल एप के जरिए BEST बस टिकट खरीद सकते हैं। आगामी समय में Chаrt, PhonePe, PayTM, WhatsApp, RedBus, Rapido और Namma Yatri जैसे एप के माध्यम से भी टिकट सुविधा उपलब्ध कराने की योजना है।
मुंबई दर्शन के लिए ओपन-टॉप डबल डेकर बसें
BEST के बजट में विरासत और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए ओपन-टॉप डबल डेकर बसें शुरू करने की योजना भी शामिल है। इन बसों का इस्तेमाल हेरिटेज टूर और हॉप-ऑन हॉप-ऑफ पर्यटन सेवाओं के लिए किया जाएगा। इसका उद्देश्य मुंबई के ऐतिहासिक स्थलों और प्रमुख आकर्षणों को देखने के लिए पर्यटकों को सुविधाजनक और पर्यावरण अनुकूल परिवहन उपलब्ध कराना है।
बस बेड़ा 10 हजार तक बढ़ाने का लक्ष्य
सितंबर 2026 के अंत तक BEST के बस बेड़े में 2,834 बसें थीं। BEST ने चरणबद्ध तरीके से बेड़े को 4,016 बसों और आगे चलकर 10,000 बसों तक बढ़ाने का लक्ष्य रखा है। इसके लिए केंद्र सरकार की पीएम-ई-ड्राइव योजना के तहत 1,500 मिडी बसें लेने की योजना है। साथ ही 200 मिडी सीएनजी बसों के लिए निविदाएं आमंत्रित की गई हैं।
चालकों को अत्याधुनिक प्रशिक्षण
दिंडोशी प्रशिक्षण केंद्र में अत्याधुनिक बस ड्राइविंग सिम्युलेटर स्थापित करने का प्रस्ताव है। इनके जरिए चालकों को दुर्घटना रोकने, जोखिम पहचानने और कठिन मौसम में वाहन चलाने का प्रशिक्षण दिया जाएगा। ईंधन दक्षता पर भी प्रशिक्षण दिया जाएगा। BEST, ‘सेव लाइफ फाउंडेशन’ के समन्वय से सुरक्षा आधारित प्रशिक्षण कार्यक्रम भी आयोजित करेगा।
साइबर सुरक्षा के लिए सुरक्षा संचालन केंद्र
BEST के सूचना प्रौद्योगिकी विभाग में सिक्योरिटी ऑपरेशंस सेंटर (SOC) स्थापित करने का प्रस्ताव है। यह नेटवर्क गतिविधियों की लगातार निगरानी करेगा तथा साइबर खतरों, कमजोरियों और संभावित सुरक्षा उल्लंघनों की पहचान करेगा। ADMS को महत्वपूर्ण सूचना अवसंरचना और साइबर हमलों के लिहाज से संवेदनशील प्रणाली बताते हुए उसके साथ SOC स्थापित करना महत्वपूर्ण माना गया है। इसके बाद ISO 27001 प्रमाणन प्राप्त करने की प्रक्रिया शुरू करने का भी प्रस्ताव है।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।