
‘के पश्चिम’ विभाग की जोरदार कार्रवाई
रीमा सिंह
मुंबई, 7 सितंबर।
बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने अंधेरी के चित्रकूट मैदान परिसर में बड़ी कार्रवाई करते हुए डीआरएम मोटर्स, डीआरएम अपैरल्स और चित्रकूट बैंक्वेट हॉल से संबंधित करीब 34 हजार वर्गफुट क्षेत्र में किए गए अनधिकृत निर्माण को सोमवार को निष्कासित कर दिया। यह कार्रवाई बीएमसी के ‘के पश्चिम’ विभाग की ओर से की गई।
हाईकोर्ट ने याचिका की खारिज
बीएमसी के अनुसार, अनधिकृत निर्माण को लेकर संबंधित शाह कंस्ट्रक्शन कंपनी को नोटिस जारी किया गया था। कंपनी ने इस नोटिस को हाईकोर्ट में चुनौती दी थी। हालांकि, अदालत ने संबंधित याचिका खारिज कर दी। इसके बाद बीएमसी ने निर्माण हटाने की कार्रवाई शुरू की।
उपायुक्त (परिमंडल-4) भाग्यश्री कापसे के मार्गदर्शन और सहायक आयुक्त (के पश्चिम विभाग) चक्रपाणी अल्ले के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। बीएमसी के भवन एवं कारखाना विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने विभिन्न मशीनों और उपकरणों की मदद से अनधिकृत निर्माण को हटाया।
पुलिस का बंदोबस्त
कार्रवाई के दौरान किसी तरह की अप्रिय स्थिति से बचने के लिए आंबोली पुलिस थाने की ओर से पर्याप्त पुलिस बंदोबस्त तैनात किया गया था। बीएमसी अधिकारियों के अनुसार, अदालत के आदेश के बाद नियमानुसार यह कार्रवाई पूरी की गई।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।