विरार की ग्लोबल सिटी स्थित फ्लैट से दो भाइयों और बहन के शव बरामद, एक मृतक ने मौत से पहले वीडियो रिकॉर्ड किया था; पुलिस जांच में जुटी।
राहुल गुप्ता
मुंबई, 29 अक्टूबर। महाराष्ट्र के पालघर जिले के विरार में एक बंद फ्लैट से तीन सगे भाई-बहनों के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतकों में दो भाई और उनकी एक बहन शामिल हैं। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, पुलिस को आशंका है कि तीनों ने जहर खाकर आत्महत्या की। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है।
यह घटना विरार पश्चिम की ग्लोबल सिटी स्थित के. एवेन्यू इमारत में हुई। गुरुवार को विंग डी के फ्लैट नंबर 1203 से तीनों के शव बरामद किए गए।
पड़ोसियों की सूचना पर पहुंची पुलिस
बोलिंज पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक प्रकाश कावले के मुताबिक, बुधवार रात पड़ोसियों ने फ्लैट से दुर्गंध आने की सूचना दी थी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर अंदर दाखिल हुई। फ्लैट में तीनों भाई-बहन मृत मिले।
मौत से पहले बनाया था वीडियो
पुलिस के अनुसार, तीनों मृतकों की उम्र लगभग 45 से 50 वर्ष के बीच बताई जा रही है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि मृतकों में से एक ने अपनी मौत से पहले मोबाइल फोन पर एक वीडियो रिकॉर्ड किया था। बताया जा रहा है कि इस वीडियो में उसने आत्महत्या करने की बात कही थी। पुलिस वीडियो और मोबाइल फोन से मिले अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है।
कैंसर की बीमारी और आर्थिक तंगी की आशंका
वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक प्रकाश कावले के मुताबिक, तीनों भाई-बहनों में से एक भाई कैंसर से पीड़ित था। परिवार में आर्थिक तंगी होने की बात भी सामने आई है। पुलिस इन परिस्थितियों को संभावित वजह मानकर जांच कर रही है, लेकिन अभी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है।
तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में आकस्मिक मृत्यु रिपोर्ट (ADR) दर्ज कर जांच शुरू की गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, मोबाइल में रिकॉर्ड किए गए वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।