न्यूज़म ब्यूरो
मुंबई/वसई, 7 अक्टूबर। मुंबई-अहमदाबाद हाईवे पर होटल के पास सौदे के लिए पहुंचे नवी मुंबई के 52 वर्षीय बिल्डर का कथित तौर पर बंदूक की नोक पर अपहरण कर लिया गया। आरोपियों ने खुद को बिश्नोई गैंग का सदस्य बताते हुए बिल्डर से कहा कि उसकी हत्या की 2 करोड़ रुपये की सुपारी मिली है। करीब आठ घंटे तक कार में रकम को लेकर मोलभाव के बाद सौदा 10 लाख रुपये में तय हुआ। रकम मिलने के बाद बिल्डर को छोड़ दिया गया। मामले में पेल्हार पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
कार में बंधक बनाकर घूमते रहे
पुलिस के अनुसार, खारघर निवासी बिल्डर संजीव शाह की मई 2026 में पासपोर्ट एजेंट रोहित जांगिड से पहचान हुई थी। शुक्रवार शाम रोहित जांगिड और उसके साथी वंश गुप्ता ने शाह को विरार के एक होटल के पास बुलाया। वहां पहुंचते ही उन्हें कथित तौर पर जबरन क्रेटा कार में बैठा लिया गया। जांगिड ने बंदूक दिखाकर 2 करोड़ रुपये की मांग की और खुद को बिश्नोई गैंग का सदस्य बताया।
2 करोड़ से घटाकर 10 लाख पर सौदा
शाह के मुताबिक, कार में वंश गुप्ता वाहन चला रहा था, जबकि जांगिड बंदूक ताने बैठा था। एक अन्य आरोपी सूरज ने उनके हाथ पकड़ रखे थे। कार विरार से मीरा रोड और फिर वापस विरार की ओर घूमती रही। रकम देने में असमर्थता जताने पर आरोपियों ने मांग घटाकर पहले एक करोड़ और फिर 10 लाख रुपये कर दी। रात करीब 2 बजे शाह के बेटे ने 10 लाख रुपये की व्यवस्था की, जिसके बाद आरोपियों ने उन्हें छोड़ दिया।
मोबाइल नंबर से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
शाह ने शनिवार को खारघर पुलिस से शिकायत की, जिसके बाद मामला पेल्हार पुलिस को सौंपा गया। पुलिस ने मोबाइल नंबरों के आधार पर रोहित जांगिड और वंश गुप्ता को सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के पास से 10 लाख रुपये नकद, सोने के आभूषण समेत करीब 40 लाख रुपये का माल बरामद करने का दावा किया है। दोनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।