न्यूज़म ब्यूरो
नवी मुंबई, 2 सितंबर।
नवी मुंबई एयरपोर्ट से करीब दो किलोमीटर दूर एक महिला यात्री के साथ ऑनलाइन कैब में कथित तौर पर दुराचार की कोशिश का मामला सामने आया है। महिला की शिकायत पर नवी मुंबई एयरपोर्ट पुलिस ने कैब चालक मोहम्मद अफजल शेख के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। घटना के बाद से आरोपी फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है और तकनीकी जांच के जरिए उसके ठिकाने का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
पुलिस के अनुसार, घटना शनिवार देर रात एयरपोर्ट सर्विस रोड पर हुई। शिकायत के मुताबिक, महिला अपने दोस्तों के साथ पार्टी के लिए चेंबूर गई थी। वहां से लौटते समय उसके एक दोस्त ने ऑनलाइन कैब बुक की थी। महिला कैब से पनवेल स्थित अपने घर जा रही थी।
रात करीब डेढ़ बजे एयरपोर्ट से लगभग दो किलोमीटर पहले सर्विस रोड पर पहुंचने के बाद चालक ने कथित तौर पर कार सड़क किनारे रोक दी। उसने पानी पीने की बात कहकर कार से बाहर निकलने के बाद वापस आकर पिछली सीट पर बैठी महिला के पास बैठने की कोशिश की। महिला का आरोप है कि चालक ने उसका हाथ पकड़ा और उसके कपड़े उतारने की कोशिश की।
महिला ने शोर मचाकर विरोध किया। शिकायत के अनुसार, सुनसान सड़क होने के कारण उस समय आसपास कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था। इसके बाद महिला किसी तरह कार से बाहर निकली और अपने परिजनों को फोन कर घटना की जानकारी दी।
बाद में वह शिकायत दर्ज कराने पनवेल पुलिस स्टेशन पहुंची। चूंकि घटना नवी मुंबई एयरपोर्ट पुलिस थाना क्षेत्र में हुई थी, इसलिए पनवेल पुलिस ने महिला को वाहन से नवी मुंबई एयरपोर्ट पुलिस स्टेशन भेजा, जहां उसकी शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया गया।
पुलिस अब आरोपी चालक की तलाश के साथ-साथ कैब से संबंधित तकनीकी जानकारी, मार्ग और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है। घटना ने रात के समय ऑनलाइन कैब से यात्रा करने वाली महिला यात्रियों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।