मुंबई के मनपा स्कूलों की जमीनी हकीकत परखेंगे कांग्रेस के नगरसेवक : अशरफ आज़मी

मुंबई के मनपास्कूल भवन, शिक्षकों की उपलब्धता, सुविधाओं और शिक्षा व्यवस्था का करेंगे निरीक्षण

 

रीमा सिंह

मुंबई, 3 सितंबर। मुंबई महानगरपालिका (मनपा) के स्कूलों में बुनियादी सुविधाओं और शिक्षा व्यवस्था की वास्तविक स्थिति जानने के लिए कांग्रेस के नगरसेवक शहरभर के मनपा स्कूलों का निरीक्षण करेंगे। कांग्रेस के मनपा गट नेता अशरफ आज़मी ने इस संबंध में मनपा की अतिरिक्त आयुक्त (शहर) प्राजक्ता वर्मा को पत्र भेजकर निरीक्षण की जानकारी दी है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सहयोग और अभिलेख उपलब्ध कराने के निर्देश देने का अनुरोध किया है।

 

Advertisement

 

बुनियादी सुविधाओं से लेकर शिक्षकों तक की होगी समीक्षा

 

आजमी के मुताबिक, निरीक्षण के दौरान स्कूल भवन और कक्षाओं की स्थिति, डेस्क-बेंच, स्वच्छता, पेयजल, बिजली, सुरक्षा सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं का जायजा लिया जाएगा। इसके अलावा शिक्षकों की उपलब्धता, रिक्त पदों, शिक्षक-विद्यार्थी अनुपात तथा शिक्षण व्यवस्था की गुणवत्ता की भी समीक्षा होगी।

नगरसेवक विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही पाठ्यपुस्तकों, यूनिफॉर्म और शैक्षणिक सामग्री की स्थिति भी देखेंगे। स्कूलों में पुस्तकालय, प्रयोगशाला, डिजिटल सुविधाओं और खेलकूद की व्यवस्था के साथ विभिन्न शैक्षणिक कार्यक्रमों और परियोजनाओं की भी पड़ताल की जाएगी।

 

कमियां मिलने पर प्रशासन के समक्ष उठाएंगे मुद्दे

 

आजमी ने कहा कि जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी केवल स्कूल भवनों का निरीक्षण करना नहीं, बल्कि यह सुनिश्चित करना भी है कि मनपा स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों को सुरक्षित वातावरण, पर्याप्त शिक्षक, जरूरी सुविधाएं और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल रही है या नहीं।

उन्होंने कहा कि निरीक्षण का उद्देश्य जमीनी स्तर पर सामने आने वाली कमियों की पहचान कर उन्हें मनपा प्रशासन के समक्ष रखना और उनके समाधान के लिए प्रभावी कदम उठाना है। उन्होंने संबंधित विभागों, प्रधानाचार्यों, मुख्याध्यापकों और प्रभारी अधिकारियों से निरीक्षण के दौरान नगरसेवकों को आवश्यक जानकारी और सहयोग उपलब्ध कराने का आग्रह किया है।

आजमी ने कहा कि मनपा स्कूलों में पढ़ने वाला हर बच्चा बेहतर शिक्षा और सुविधाओं का हकदार है। कांग्रेस के नगरसेवक स्कूलों का प्रत्यक्ष दौरा कर वास्तविक स्थिति समझेंगे और जरूरी मुद्दों को मजबूती से प्रशासन के सामने उठाएंगे।

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Add a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
Tap to Refresh