खड़गे की सभा के बाद ‘शुद्धीकरण’ पर मुंबई में कांग्रेस का प्रदर्शन, दादर में जलाईं मनुस्मृति की प्रतियां

न्यूज़म ब्यूरो

मुंबई, 1 सितंबर।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की हल्द्वानी में आयोजित सभा के बाद कथित ‘शुद्धीकरण’ किए जाने की घटना को लेकर राजनीतिक विवाद बढ़ता जा रहा है। इस घटना के विरोध में मुंबई युवा कांग्रेस ने सोमवार को दादर में भाजपा और आरएसएस की कथित जातिवादी एवं मनुवादी मानसिकता के खिलाफ प्रदर्शन किया। गुस्साए कार्यकर्ताओं ने मनुस्मृति की प्रतियां जलाकर विरोध जताया।

मुंबई युवा कांग्रेस अध्यक्ष जीनत शबरीन के नेतृत्व में दादर स्थित भाजपा कार्यालय के सामने आंदोलन किया गया। युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मनुस्मृति की प्रतियां जलाकर भाजपा और आरएसएस की मनुवादी विचारधारा का विरोध किया।

शबरीन ने कहा कि खड़गे की सभा के बाद सभा स्थल का ‘शुद्धीकरण’ किया जाना जातिवादी मानसिकता की पराकाष्ठा है। उन्होंने कहा कि यह केवल खड़गे का अपमान नहीं, बल्कि देश के करोड़ों दलित, वंचित और शोषित नागरिकों का अपमान है। भारतीय संविधान ने हर नागरिक को समानता का अधिकार दिया है। जाति-पाति की मानसिकता को बढ़ावा देने वाली प्रवृत्तियों के खिलाफ युवा कांग्रेस लगातार संघर्ष करती रहेगी।

Advertisement

पहले आरएसएस अपनी शाखाओं में ‘वंदे मातरम्’ गाना शुरू करे

‘वंदे मातरम्’ को लेकर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने भाजपा पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि जब ‘वंदे मातरम्’ गाते हुए देशभक्त फांसी पर चढ़ रहे थे, तब फडणवीस के पूर्वज अंग्रेजों का साथ दे रहे थे। उन्होंने कहा कि पहले आरएसएस अपनी शाखाओं में ‘वंदे मातरम्’ गाना शुरू करे।

सपकाल ने कहा कि महिलाओं को निकाय संस्थाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण कांग्रेस ने ही दिया। महिला आरक्षण 2023 में ही मंजूर हो चुका है। उन्होंने कहा कि विरोध देश को उत्तर-दक्षिण में बांटने वाले परिसीमन विधेयक का है। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि फडणवीस पहले पंकजा मुंडे को मुख्यमंत्री बनाएं और फिर बात करें।

महाराष्ट्र में भेदभाव के लिए जगह नहीं

शबरीन ने कहा कि भारतीय संविधान ने देश के प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता, बंधुता और सामाजिक न्याय का अधिकार दिया है। उन्होंने कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज, महात्मा फुले, राजर्षि शाहू महाराज और डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर के प्रगतिशील विचारों की विरासत वाले महाराष्ट्र में जातीय भेदभाव और मनुवादी विचारधारा के लिए कोई स्थान नहीं है।

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Add a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
Tap to Refresh