क्रेडिट-डेबिट कार्ड धोखाधड़ी सबसे आगे, पुलिस ने 1,121 मामलों को सुलझाया और सैकड़ों आरोपियों को गिरफ्तार किया।
राहुल गुप्ता
मुंबई, 11 अक्टूबर। आर्थिक राजधानी मुंबई में साइबर अपराध के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। जनवरी से अगस्त 2026 के दौरान शहर में साइबर धोखाधड़ी के 4,254 मामले दर्ज किए गए, जबकि पिछले साल इसी अवधि में 2,948 मामले सामने आए थे। इस तरह मामलों में 44% से अधिक की बढ़ोतरी हुई है। पुलिस के आंकड़ों के अनुसार, इन मामलों में अब तक 1,121 को सुलझाया जा चुका है।
क्रेडिट और डेबिट कार्ड धोखाधड़ी के सबसे ज्यादा मामले
दर्ज मामलों में क्रेडिट और डेबिट कार्ड से जुड़ी ऑनलाइन धोखाधड़ी सबसे आगे रही। इस श्रेणी में अकेले 1,020 मामले सामने आए। इसके अलावा शेयर बाजार में निवेश के नाम पर ठगी और हैकिंग से जुड़े मामले भी बड़ी संख्या में दर्ज किए गए।
मुंबई पुलिस ने ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी को 13 श्रेणियों में बांटा है। इन श्रेणियों के तहत कुल 2,283 मामले दर्ज हुए, जिनमें से 537 मामलों का पता लगाया गया। इन मामलों में 471 आरोपियों को हिरासत में लिया गया।
साइबर अपराधों में सैकड़ों गिरफ्तारियां
पुलिस के आंकड़ों के मुताबिक, जनवरी से अगस्त के दौरान दर्ज कुल 4,254 साइबर धोखाधड़ी के मामलों में 794 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। साइबर अपराधों में फिशिंग, हैकिंग, फर्जी वेबसाइट, लोन फ्रॉड, सेक्सटॉर्शन और कार्ड से जुड़ी धोखाधड़ी जैसे मामले शामिल हैं।
आंकड़ों के विस्तृत विश्लेषण में सामने आया कि फिशिंग, हैकिंग, फर्जी वेबसाइट, लोन फ्रॉड, सेक्सटॉर्शन और क्रेडिट-डेबिट कार्ड धोखाधड़ी के मामलों में पिछले साल की तुलना में बढ़ोतरी हुई है। वहीं, शेयर बाजार में ठगी, डिजिटल अरेस्ट, नौकरी के नाम पर धोखाधड़ी, कस्टम गिफ्ट फ्रॉड और डेटा चोरी के मामलों में मामूली कमी दर्ज की गई।
लोगों को जागरूक कर रही पुलिस
मुंबई पुलिस के एक अधिकारी के अनुसार, साइबर अपराध की शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई करने के साथ ही सोशल मीडिया के जरिए नागरिकों को नए साइबर खतरों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। पुलिस लोगों से ऑनलाइन लेन-देन के दौरान सतर्क रहने और संदिग्ध लिंक या वेबसाइट से बचने की अपील कर रही है।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।