टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस पर एकनाथ शिंदे सख्त, बोले- मुंबई में गैंगवॉर बर्दाश्त नहीं करेंगे

जुहू में अभिनेता की बीएमडब्ल्यू कार पर नजदीक से गोलियां चलाई गईं

ड्राइवर और एक रिक्शा चालक घायल हुए, जबकि पुलिस ने जांच के लिए 15 टीमें बनाई 

राहुल गुप्ता

मुंबई, 18 अक्टूबर। अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर मुंबई के जुहू इलाके में हुई फायरिंग के बाद महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया है। उन्होंने कहा कि मुंबई में कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। शिंदे के मुताबिक, उन्होंने मुंबई पुलिस से चर्चा की है और घटना की जांच के लिए पुलिस की कई टीमें रवाना की गई हैं।

Advertisement

टाइगर श्रॉफ की कार पर नजदीक से फायरिंग

जानकारी के मुताबिक, रविवार शाम करीब 7 बजे जुहू के पुष्पा पार्क के पास टाइगर श्रॉफ की बीएमडब्ल्यू कार पर नजदीक से गोलियां चलाई गईं। अभिनेता सुरक्षित बच गए, लेकिन उनके ड्राइवर और एक ऑटो रिक्शा चालक के घायल होने की खबर है। ड्राइवर के हाथ में गोली लगने के बाद उसे नानावटी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने मामले की जांच के लिए 15 टीमें गठित की हैं। इस मामले में एक संदिग्ध को हिरासत में लिए जाने की भी जानकारी सामने आई है।

टाइगर और जैकी श्रॉफ से हुई बात

उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने बताया कि उन्होंने टाइगर श्रॉफ और उनके पिता जैकी श्रॉफ से भी बात की है। उन्होंने कहा कि कलाकारों को घबराने की जरूरत नहीं है और जिन कलाकारों को सुरक्षा की आवश्यकता होगी, उन्हें सुरक्षा उपलब्ध कराई जाएगी।

शिंदे ने स्पष्ट किया कि किसी भी गैंग की दहशत को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मुंबई पुलिस आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी।

‘90 के दशक की तरह गैंगवॉर पर काबू पाएंगे’

एकनाथ शिंदे ने कहा कि मुंबई पुलिस ने 1990 के दशक में गैंगवॉर का मुकाबला किया था और अब भी कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ उसी तरह कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आरोपियों को उनकी ही भाषा में जवाब देने की बात भी कही।

फिलहाल, पुलिस फायरिंग के पीछे की वजह, हमलावरों की पहचान और हिरासत में लिए गए संदिग्ध की भूमिका की जांच कर रही है।

 

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Add a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
↑
Tap to Refresh