फडणवीस और सेवानिवृत्त मुख्य न्यायाधीश भूषण गवई लेंगे विद्यार्थियों की क्लास

बीएमसी स्कूलों में ‘स्मार्ट नागरिक’ और ‘विद्यार्थी प्रेरणा’ पुस्तिकाओं का होगा विमोचन

न्यूज़म ब्यूरो

मुंबई, 15 अक्टूबर। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के स्कूलों में विद्यार्थियों को संवैधानिक मूल्यों, मौलिक कर्तव्यों, सामाजिक न्याय और लोकतांत्रिक आदर्शों के प्रति जागरूक बनाने के लिए ‘सुजाण नागरिक-सक्षम भारत (स्मार्ट नागरिक)’ पहल शुरू की जा रही है। इसके तहत मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और सुप्रीम कोर्ट के सेवानिवृत्त मुख्य न्यायाधीश भूषण गवई शुक्रवार, 16 अक्टूबर को दोपहर 3 बजे दादर पश्चिम स्थित मुंबई पब्लिक स्कूल में ‘स्मार्ट नागरिक’ और ‘विद्यार्थी प्रेरणा’ पुस्तिकाओं का विमोचन करेंगे।

विद्यार्थियों से सीधा संवाद

कार्यक्रम की खास बात यह होगी कि मुख्यमंत्री फडणवीस और भूषण गवई विद्यार्थियों की कक्षा लेकर पुस्तिकाओं के पाठ समझाएंगे और उनसे संवाद करेंगे। मुख्यमंत्री की संकल्पना तथा विधायक अमित साटम के मार्गदर्शन में शुरू इस पहल का उद्देश्य पहली से दसवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों में जिम्मेदार नागरिकता की भावना विकसित करना है।

Advertisement

डॉ. आंबेडकर के जीवन से मिलेगी प्रेरणा

कक्षा छठी के विद्यार्थियों के लिए तैयार ‘विद्यार्थी प्रेरणा’ पुस्तिका भारतरत्न डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर के जीवन, विचारों, सामाजिक योगदान और संविधान निर्माण में उनकी भूमिका पर आधारित है। इसमें समानता, स्वतंत्रता, न्याय, बंधुता और शिक्षा के महत्व को सरल मराठी भाषा में समझाया गया है।

पुस्तिका पर आधारित परीक्षा जनवरी 2027 में आयोजित होगी, जबकि विद्यार्थियों को अप्रैल 2027 में प्रमाणपत्र दिए जाएंगे। बीएमसी की उप आयुक्त (शिक्षा) डॉ. प्राची जांभेकर के अनुसार, इस पहल से विद्यार्थियों में संवैधानिक मूल्यों, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने में मदद मिलेगी।

कई प्रमुख हस्तियां रहेंगी उपस्थित

कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और सुनेत्रा पवार, मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा, आशीष शेलार और दादाजी भुसे, मुंबई की महापौर रितु तावड़े, उपमहापौर संजय घाड़ी, सांसद अनिल देसाई, विधायक अमित साटम सहित बीएमसी आयुक्त अश्विनी भिड़े, विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि और नगरसेवक उपस्थित रहेंगे।

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Add a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
↑
Tap to Refresh