‘फेक नरेटिव’ के खिलाफ एकजुट होकर लड़ें : भाजपा की पुणे बैठक में देवेंद्र फडणवीस का आह्वा

मुंबई. ​महाराष्ट्र के पुणे में आयोजित भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की राज्य कार्यकारिणी की बैठक के समापन सत्र में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कार्यकर्ताओं से विपक्ष द्वारा फैलाए जा रहे फेक नैरेटिव (झूठे प्रचार) के खिलाफ मजबूती से लड़ने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि कांग्रेस और अन्य विपक्षी दल भ्रम फैलाकर देश में अराजकता पैदा करने का प्रयास कर रहे हैं.
​मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को ‘झूट की गूंज’ करार दिया. ​महिला आरक्षण के मुद्दे पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस और यूपीए के दलों ने हमेशा इस विधेयक का विरोध किया है, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 2029 तक इसे धरातल पर लाकर रहेंगे. उन्होंने इतिहास के पन्नों से पर्दा उठाते हुए कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों ने छत्रपती शिवाजी महाराज के इतिहास को छिपाया, जिसे वर्तमान सरकार ने पाठ्यक्रम में प्रमुख स्थान दिया है. साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि आगामी कुंभ मेले के आयोजनों में पूर्ण पारदर्शिता बरती जा रही है और चार चरणों में इसका ऑडिट किया जा रहा है.
प्रियंका गांधी पर सवाल
​बैठक के दौरान मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कांग्रेस के महिला सशक्तिकरण के दावों पर कड़ा हमला बोला. उन्होंने सवाल उठाया कि जब महिलाओं को अवसर देने की बात आती है, तो कांग्रेस प्रियंका गांधी को आगे क्यों नहीं बढ़ाती? उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासित राज्यों जैसे हिमाचल प्रदेश और कर्नाटक के मंत्रिमंडलों में महिलाओं को उचित प्रतिनिधित्व नहीं दिया गया है, जिससे उनका दोहरा रुख साफ उजागर होता है.
2030 तक 3 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था
राज्य के विकास का दम भरते हुए सीएम देवेंद्र ने कहा कि 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए महाराष्ट्र 2030 तक 3 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने का लक्ष्य हासिल करेगा. महायुती सरकार हर चुनौती का सामना करते हुए राज्य में सकारात्मक बदलाव लाएगी.
कांग्रेस का पलटवार
​कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने मुख्यमंत्री के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि राहुल गांधी के अभियानों को मिल रहे जनसमर्थन से भाजपा डर गई है. उन्होंने कहा कि स्थानीय निकायों में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण कांग्रेस ने ही दिया था. सपकाल ने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि दूसरों को नसीहत देने के बजाय देवेंद्र फडणवीस पहले अपनी पार्टी की वरिष्ठ नेता पंकजा मुंडे को मुख्यमंत्री पद देकर महिला सशक्तिकरण का उदाहरण पेश करें. उन्होंने यह भी जोड़ा कि वंदे मातरम का कांग्रेस ने हमेशा सम्मान किया है और भाजपा को मुख्य मुद्दों से ध्यान भटकाना बंद करना चाहिए.

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Add a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
Tap to Refresh