विदेश में नौकरी का झांसा देकर ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ तीन राज्यों से तीन आरोपी गिरफ्तार

न्यूज़म ब्यूरो

मुंबई, 10 सितंबर।विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर बेरोजगार युवाओं और नौकरी के इच्छुक लोगों से ठगी करने वाले गिरोह का पायधुनी पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन राज्यों से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 50 भारतीय पासपोर्ट, छह कंप्यूटर व लैपटॉप, नौ मोबाइल फोन और फर्जी नियुक्ति पत्र समेत अन्य दस्तावेज बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, मस्जिद बंदर पश्चिम स्थित ‘अल शिफा ट्रैवल्स’ कार्यालय के माध्यम से लोगों को विदेश में नौकरी दिलाने का लालच दिया जाता था। आरोपी नौकरी दिलाने के नाम पर आवेदकों से उनके मूल पासपोर्ट, बायोडाटा और 15 हजार रुपये लेते थे। रकम और दस्तावेज लेने के बाद आरोपियों ने न तो नौकरी दिलाई और न ही पैसे वापस किए। इसके बाद कार्यालय और मोबाइल फोन बंद कर आरोपी फरार हो गए। शिकायत मिलने के बाद पायधुनी पुलिस ने अपराध क्रमांक 886/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया। इसके बाद तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की गई। पुलिस टीम ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने तबरेज आलम अंसारी को हरियाणा, मोहम्मद शमीम अंसारी को बिहार के मधुबनी और व्यंकटेश गंगय्या चकल को मुंबई स्थित जे.जे. धर्मशाला, टेम्पर स्ट्रीट से गिरफ्तार किया है।

 

50 पासपोर्ट समेत बड़ी संख्या में दस्तावेज बरामद

तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 50 भारतीय पासपोर्ट, छह कंप्यूटर व लैपटॉप, नौ मोबाइल हैंडसेट, 13 बैंक चेकबुक, डेबिट कार्ड, आधार कार्ड व मतदाता पहचान पत्र तथा दो फर्जी नियुक्ति पत्र बरामद किए हैं। बरामद पासपोर्ट की संख्या को देखते हुए पुलिस को इस गिरोह के बड़े स्तर पर सक्रिय होने का संदेह है।

Advertisement

 

50 से अधिक लोगों से ठगी की आशंका

पुलिस की अब तक की जांच में 10 लोगों से ठगी किए जाने की पुष्टि हुई है। हालांकि, बरामद दस्तावेजों और पासपोर्ट के आधार पर पुलिस को आशंका है कि इस गिरोह ने 50 से अधिक लोगों को अपना शिकार बनाया हो सकता है। यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त देवेन भारती, सह पुलिस आयुक्त मनोजकुमार शर्मा, अपर पुलिस आयुक्त शैलेश बलकवडे, पुलिस उपायुक्त (दक्षिण परिमंडल-2) रागसुधा आर. और सहायक पुलिस आयुक्त रेणुका बूवा के मार्गदर्शन में वरिष्ठ निरीक्षक लक्ष्मीकांत सालुंखे, पुलिस निरीक्षक अजय कदम और उनकी टीम ने की।

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Add a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
↑
Tap to Refresh