50 वर्षीय सलीम को रेलवे ट्रैक के पास बेल्ट, लकड़ी के डंडे और पानी की पाइप से पीटा गया। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
राहुल गुप्ता
ठाणे, 18 अक्टूबर। महाराष्ट्र के मुंब्रा में मोबाइल फोन देने से इनकार करने के विवाद में 4 लोगों ने अपने 50 वर्षीय दोस्त की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान इलियाज नियाज अहमद कुरैशी उर्फ सलीम के रूप में हुई है। मुंब्रा पुलिस ने इस मामले में परमेश्वर अंडागले, मोहम्मद फिरोज हनीफ खान, अनिल चौरे और सुनील पगारे को गिरफ्तार किया है।
रेलवे ट्रैक के पास घेरकर की पिटाई
पुलिस के मुताबिक, सलीम ने परमेश्वर अंडागले का मोबाइल फोन लिया था। इसकी जानकारी मिलने के बाद 13 अक्टूबर की रात करीब 9 बजे परमेश्वर अपने तीन साथियों के साथ मुंब्रा रेलवे स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक के इलाके में सलीम के पास पहुंचा।
आरोप है कि चारों ने मिलकर सलीम को बेल्ट, लकड़ी के डंडे और पानी की पाइप से बुरी तरह पीटा। इस हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
इलाज के दौरान हुई मौत
घायल सलीम को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद मुंब्रा पुलिस थाने में हत्या का मामला दर्ज किया गया।
पुलिस ने जांच के दौरान अलग-अलग स्थानों से चारों आरोपियों को हिरासत में लेकर गिरफ्तार किया।
आरोपियों को पुलिस हिरासत
इस मामले में गिरफ्तार चारों आरोपियों को ठाणे की अदालत ने सोमवार तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।