महाराष्ट्र के बीड़ में श्रद्धालुओं से भरी स्विफ्ट कार अनियंत्रित होकर एसटी बस से टकरा गई। हादसे में 5 लोगों की मौके पर मौत हो गई।
राहुल गुप्ता
बीड़, 19 अक्टूबर। महाराष्ट्र के बीड़ जिले में पंढरपुर-खामगांव हाईवे पर कार और राज्य परिवहन (एसटी) बस की भीषण टक्कर में 5 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में एक छोटा बच्चा भी शामिल है। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि बस में सवार सभी यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, स्विफ्ट कार में सवार लोग तुलजापुर दर्शन के लिए जा रहे थे। माजलगांव-तेलगांव रोड पर शिंदेवाड़ी फाटे के पास कार एक गड्ढे में जा गिरी। इससे चालक का वाहन पर नियंत्रण छूट गया और कार सामने से आ रही एसटी बस से टकरा गई।
सीसीटीवी में कैद हुआ हादसा
दुर्घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। इसमें कार अचानक बस के सामने आती दिखाई दे रही है। बताया जा रहा है कि गड्ढे में जाने के बाद कार अनियंत्रित हो गई थी। बस चालक के ब्रेक लगाने से पहले ही दोनों वाहनों के बीच जोरदार टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। कार में सवार पांचों लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
हाईवे पर यातायात प्रभावित
हादसे के बाद कुछ समय तक हाईवे पर यातायात बुरी तरह प्रभावित रहा। दुर्घटना के कारणों को लेकर शुरुआती जानकारी में सड़क पर मौजूद गड्ढे को जिम्मेदार बताया जा रहा है। हालांकि, हादसे की परिस्थितियों की आधिकारिक जांच के निष्कर्ष सामने आना बाकी हैं।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।