मुंबई, 1 अक्टूबर। भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (आईआरसीटीसी) के पश्चिम क्षेत्र, मुंबई में राजभाषा हिंदी के प्रचार-प्रसार और कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के अधिकाधिक उपयोग को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से 18 से 29 सितंबर 2026 तक हिंदी सप्ताह का आयोजन किया गया। हिंदी सप्ताह के समापन समारोह में विभिन्न प्रतियोगिताओं के 50 विजेताओं को समूह महाप्रबंधक गौरव झा ने पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।
विभिन्न प्रतियोगिताओं में अधिकारियों-कर्मचारियों ने लिया हिस्सा
हिंदी सप्ताह के दौरान निबंध, श्रुतलेख, नोटिंग एवं ड्राफ्टिंग तथा प्रश्नमंच प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इनमें निबंध प्रतियोगिता में 31, श्रुतलेख में 32, नोटिंग एवं ड्राफ्टिंग में 27 तथा प्रश्नमंच प्रतियोगिता में 27 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। आईआरसीटीसी के मुंबई स्थित आंचलिक कार्यालय के अलावा अहमदाबाद, भोपाल और जबलपुर के क्षेत्रीय कार्यालयों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के प्रयोग पर जोर
इस अवसर पर आईआरसीटीसी पश्चिम क्षेत्र, मुंबई के जनसंपर्क अधिकारी (पीआरओ) डॉ. ए.के. सिंह ने कहा कि हिंदी राजभाषा होने के साथ-साथ कार्यस्थल पर संवाद और अभिव्यक्ति का सशक्त माध्यम है। हिंदी सप्ताह के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी राजभाषा के प्रति उनकी सकारात्मक सोच और प्रतिबद्धता को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि हिंदी सप्ताह का उद्देश्य केवल आयोजन तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के सहज और निरंतर प्रयोग को बढ़ावा देना भी होना चाहिए।
डॉ. सिंह ने कहा कि मुंबई के साथ अहमदाबाद, भोपाल और जबलपुर के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सहभागिता से आयोजन का दायरा व्यापक हुआ। उन्होंने सभी प्रतिभागियों और विजेताओं को बधाई देते हुए कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के उपयोग को बढ़ावा देने का आह्वान किया।
गौरव झा ने विजेताओं को दी बधाई
आईआरसीटीसी पश्चिम क्षेत्र, मुंबई के समूह महाप्रबंधक गौरव झा ने सभी प्रतिभागियों एवं विजेताओं को बधाई दी। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से कार्यालयीन कार्यों में हिंदी का अधिकाधिक प्रयोग करने तथा अपने अधीनस्थ कर्मचारियों को भी हिंदी में कार्य करने के लिए प्रोत्साहित करने की अपील की।
हिंदी सप्ताह के सफल आयोजन में प्रबंधक (एचआर) नागेश चौधरी और राजभाषा परामर्शदाता एम.पी. यादव का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।