न्यूज़म ब्यूरो
मुंबई, 14 अक्टूबर। महाराष्ट्र आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) ने एक संदिग्ध अंतरराष्ट्रीय व्हाट्सऐप ग्रुप से जुड़ी गतिविधियों की जांच मंगलवार को लगातार दूसरे दिन भी जारी रखी। इस दौरान राज्य में पांच स्थानों पर छापेमारी की गई और कई लोगों से पूछताछ की गई। एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि ग्रुप का किसी संदिग्ध गतिविधि से संबंध है या नहीं। जांच के दौरान सामने आया कि इस व्हाट्सऐप ग्रुप में पाकिस्तान और खाड़ी देशों समेत कई देशों के सदस्य शामिल हैं। अधिकारियों के मुताबिक, ग्रुप में होने वाली बातचीत और सदस्यों की गतिविधियों की पड़ताल की जा रही है। जांच एजेंसी को मिली जानकारी के अनुसार, ग्रुप में धार्मिक संगठनों से जुड़े लोग भी शामिल थे और इसमें धार्मिक विषयों पर चर्चा होती थी।
शिक्षक से पूछताछ, फिर छोड़ा
इससे पहले सोमवार को एटीएस ने रत्नागिरी जिले के राजापुर में रहने वाले एक शिक्षक से कई घंटे तक पूछताछ की थी। अधिकारियों ने बताया कि पूछताछ के बाद शिक्षक को छोड़ दिया गया, जबकि ग्रुप की जांच जारी है।
हिज्बुल मुजाहिदीन से संबंध की आशंका
एटीएस को आशंका है कि इस व्हाट्सऐप ग्रुप का संबंध आतंकवादी संगठन हिज्बुल मुजाहिदीन से हो सकता है। हालांकि, अब तक ग्रुप और संगठन के बीच संबंध साबित करने वाला कोई ठोस सबूत सामने नहीं आया है। एजेंसी ग्रुप के सदस्यों की पहचान करने, उनकी बातचीत के स्वरूप को समझने और संभावित संदिग्ध गतिविधियों से उनके जुड़ाव की जांच कर रही है। मामले में आगे की जानकारी का इंतजार है।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।