
10 नगर निगमों के चुनाव प्रबंधन की संभाली जिम्मेदारी
मुंबई, 6 सितंबर। महाराष्ट्र के राजस्व मंत्री और भाजपा नेता चंद्रशेखर बावनकुले राजस्थान के 10 नगर निगमों के चुनाव प्रबंधन में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। महाराष्ट्र में नगर निगम चुनावों में भाजपा की सफलता के अनुभव को देखते हुए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने उन्हें राजस्थान के नगर निगम चुनावों के लिए सह-प्रभारी नियुक्त किया है। इसके बाद पिछले 15 दिनों से बावनकुले राजस्थान में चुनावी तैयारियों और प्रचार अभियान में जुटे हैं।
बावनकुले ने जयपुर, कोटा, भरतपुर, जोधपुर, उदयपुर, अजमेर, पाली, बीकानेर, भीलवाड़ा और अलवर नगर निगम क्षेत्रों का दौरा किया है। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ता सम्मेलनों, छोटी बैठकों, पदयात्राओं और घर-घर संपर्क अभियानों में हिस्सा लेकर संगठन को मजबूत करने तथा कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दिया।
महाराष्ट्र के भाजपा नेताओं की भी भागीदारी
बावनकुले के साथ महाराष्ट्र के भाजपा विधायक और प्रमुख पदाधिकारी भी राजस्थान में चुनावी रणनीति को अमल में लाने में जुटे हैं। उन्होंने स्थानीय कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर दैनिक चुनावी तैयारियों की समीक्षा की और संगठनात्मक स्तर पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
महाराष्ट्र के लोगों से भी किया संवाद
राजस्थान में रहने वाले महाराष्ट्र के लोगों से भी बावनकुले ने मुलाकात की। इसके अलावा उन्होंने विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के प्रमुखों, राजनीतिक विश्लेषकों, कारोबारियों, व्यापारियों, शिक्षाविदों, पत्रकारों और युवा समूहों के साथ संवाद किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों की समस्याओं और अपेक्षाओं को समझकर कार्यकर्ताओं को उनके आधार पर काम करने के निर्देश दिए।
चुनाव प्रचार के दौरान बावनकुले राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला तथा राज्य के केंद्रीय मंत्रियों के साथ लगातार समन्वय बनाए हुए हैं। साथ ही राजस्थान सरकार के मंत्रियों, भाजपा विधायकों, पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और विभिन्न क्षेत्रों के लोगों के साथ भी उनका संवाद जारी है।
बावनकुले का मानना है कि व्यापक जनसंपर्क, मजबूत संगठन और स्थानीय कार्यकर्ताओं के बेहतर समन्वय के जरिए भाजपा राजस्थान के नगर निगम चुनावों में मजबूत प्रदर्शन करने की स्थिति में है।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।