लगातार धमाकों से मची अफरा-तफरी, आग बुझाने के दौरान फायरफाइटर भी झुलसा, घायलों में 2 की हालत गंभीर
न्यूज़म ब्यूरो
हिंगोली, 6 अक्टूबर। महाराष्ट्र के हिंगोली शहर के भीड़भाड़ वाले मारवाड़ी गली इलाके में सोमवार देर रात पटाखों के गोदाम में भीषण आग लग गई। गोदाम में रखे पटाखों में लगातार विस्फोट होने से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 12 लोग घायल हुए हैं। घायलों में दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पटाखों में लगातार होते रहे विस्फोट
पुलिस के अनुसार, मारवाड़ी गली स्थित पटाखों के गोदाम में अचानक आग लगी। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया और गोदाम में रखे पटाखे एक के बाद एक फटने लगे। धमाकों और आग की ऊंची लपटों के कारण आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। कई लोग अपनी जान बचाने के लिए घरों से बाहर निकल आए।
आग बुझाने के दौरान फायरफाइटर झुलसा
घटना की सूचना मिलते ही हिंगोली जिला अग्निशमन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने के साथ राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पटाखों के लगातार हो रहे विस्फोट के बीच अभियान चलाने के दौरान अग्निशमन विभाग की एक गाड़ी भी आग की चपेट में आ गई। इस दौरान एक फायरफाइटर गंभीर रूप से झुलस गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए लातूर रेफर किया गया है।
मंगलवार सुबह आग पर पाया गया काबू
काफी मशक्कत के बाद मंगलवार सुबह आग पर काबू पाया जा सका। हादसे में दो लोगों की मौत हुई है, जबकि 12 घायलों का अस्पताल में उपचार चल रहा है। इनमें दो की हालत गंभीर बताई गई है।
गोदाम में पटाखों के भंडारण पर उठे सवाल
आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। घनी आबादी वाले इलाके में बड़ी मात्रा में पटाखों के भंडारण को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। हिंगोली पुलिस मामले की जांच कर रही है और आग लगने के कारणों के साथ ही गोदाम में पटाखों के भंडारण से जुड़े पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।