पीएपी प्रोजेक्ट के निर्माण श्रमिकों के कैंप में दोपहर करीब 2 बजे लगी आग, सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया
राहुल गुप्ता
मुंबई, 8 अक्टूबर। मुंबई के मुलुंड ईस्ट में गुरुवार दोपहर निर्माण श्रमिकों के एक लेबर कैंप में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कैंप में रखे 7 गैस सिलेंडर एक के बाद एक फट गए। धमाकों के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसमान में काले धुएं का गुबार दिखाई देने लगा।
यह लेबर कैंप प्रोजेक्ट अफेक्टेड पर्सन्स (पीएपी) प्रोजेक्ट के तहत निर्माण श्रमिकों के लिए बनाया गया था। घटना दोपहर करीब 2 बजे हुई। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में कैंप से घना काला धुआं उठता दिखाई दे रहा है। इसके बाद एक सिलेंडर में धमाका होता है और आग का बड़ा गोला आसमान की ओर उठता नजर आता है।
सभी लोगों को सुरक्षित निकाला गया
आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया। एक अधिकारी के मुताबिक, कैंप में मौजूद सभी लोगों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
घटना में अब तक किसी के घायल होने या किसी की मौत की सूचना नहीं है। स्थानीय पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मौके पर जरूरी इंतजाम किए गए हैं और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
आग की वजह अभी साफ नहीं
आग किस वजह से लगी, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है। दमकल और पुलिस की टीम मामले की जांच कर रही है। आग से कैंप में कितना नुकसान हुआ है, इसका भी आकलन किया जा रहा है।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।