लीकेज, पानी चोरी और मीटरिंग में गड़बड़ी रोकने के लिए ठोस उपायों की जानकारी मांगी,स्मार्ट मीटरिंग और सटीक बिलिंग पर जोर
न्यूज़म ब्यूरो
मुंबई, 7 अक्टूबर। मुंबई में पानी की आपूर्ति, पानी की बर्बादी, लीकेज और अवैध पानी कनेक्शन को लेकर महापौर रितू राजेश तावड़े ने महानगरपालिका प्रशासन से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। महापौर ने अतिरिक्त महानगरपालिका आयुक्त (परियोजना) अभिजीत बांगर को पत्र भेजकर गैर-राजस्व पानी (Non-Revenue Water) का वास्तविक कारण पता लगाने तथा इसे कम करने के लिए किए जा रहे उपायों की अद्यतन जानकारी प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है।
4,800 एमएलडी पानी में से 4,100 एमएलडी पहुंचता है नागरिकों तक
महापौर ने पत्र में कहा है कि मुंबई की प्रतिदिन पानी की आवश्यकता करीब 4,600 मिलियन लीटर प्रतिदिन (MLD) है। महानगरपालिका द्वारा बांधों से प्रतिदिन करीब 4,800 एमएलडी पानी उठाया जाता है, लेकिन इनमें से लगभग 4,100 एमएलडी पानी ही नागरिकों तक पहुंचता है। प्रशासन की ओर से स्थायी समिति के समक्ष किए गए प्रस्तुतीकरण और विभिन्न समाचार रिपोर्टों के अनुसार करीब 34 प्रतिशत पानी गैर-राजस्व पानी के रूप में दर्ज किया गया है।
जलस्रोत पर्याप्त, लेकिन भविष्य की चुनौती बरकरार
महापौर ने कहा कि फिलहाल मुंबई को पानी उपलब्ध कराने वाले सातों बांधों में संतोषजनक जलसंचय है। हालांकि, जलवायु परिवर्तन और संभावित अल नीनो प्रभाव को देखते हुए इस जलसंचय को अगले वर्ष अगस्त तक सावधानीपूर्वक उपयोग करना महानगरपालिका के लिए बड़ी चुनौती है।
ऐसे में उपलब्ध पानी का बड़ा हिस्सा बिना हिसाब या उपयोग के बाहर चले जाना चिंता का विषय है। महापौर ने कहा कि नए जलस्रोत विकसित करने के लिए गारगाई परियोजना, समुद्री पानी का विलवणीकरण और सीवेज के पुन: उपयोग जैसी परियोजनाओं पर काम चल रहा है। इसके साथ ही उपलब्ध पानी का प्रभावी प्रबंधन करना भी उतना ही जरूरी है।
लीकेज और पानी चोरी का मांगा विस्तृत ब्योरा
महापौर ने प्रशासन से 34 प्रतिशत गैर-राजस्व पानी का वर्गीकरण कर यह बताने को कहा है कि इसमें कितना हिस्सा जलवाहिनियों की लीकेज, अनधिकृत नल कनेक्शन एवं पानी चोरी तथा खराब मीटरिंग और बिलिंग संबंधी त्रुटियों के कारण है।
उन्होंने वितरण नेटवर्क में पुरानी जलवाहिनियों की मरम्मत, भूमिगत लीकेज का पता लगाने के लिए आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल और वर्तमान में चल रहे कार्यों की स्थिति की भी जानकारी मांगी है।
अवैध कनेक्शन पर वार्डवार कार्रवाई की जानकारी
महापौर ने अनधिकृत नल कनेक्शनों की पहचान कर उन्हें काटने और पानी चोरी करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई के लिए चलाए जा रहे अभियान का ब्योरा मांगा है। साथ ही प्रत्येक वार्ड में की गई कार्रवाई की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया है।
स्मार्ट मीटरिंग और सटीक बिलिंग पर जोर
पत्र में खराब पानी के मीटर बदलने, आधुनिक स्मार्ट वॉटर मीटरिंग व्यवस्था लागू करने तथा बिलिंग में पारदर्शिता और सटीकता सुनिश्चित करने के लिए प्रस्तावित उपायों की जानकारी भी मांगी गई है।
अगस्त तक पानी उपलब्ध कराने की कार्ययोजना
महापौर ने वर्तमान पानी कटौती की स्थिति और बांधों में उपलब्ध जलसंचय को अगले अगस्त तक बनाए रखने के लिए तैयार की गई कार्ययोजना की जानकारी भी मांगी है। उन्होंने प्रशासन से मौजूदा जलस्रोतों के प्रभावी उपयोग और पानी की बर्बादी रोकने के लिए ठोस कदम उठाने पर जोर दिया।
‘मुंबईकरों के हक का पानी हर घर तक पहुंचे’
महापौर रितू तावड़े ने कहा कि मुंबईकरों के हक का पानी उचित तरीके से प्रत्येक घर तक पहुंचना सुनिश्चित करना महानगरपालिका की जिम्मेदारी है। इसके लिए गैर-राजस्व पानी का स्तर कम करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि वर्तमान स्थिति को उन्होंने गंभीरता से लिया है और प्रशासन से सभी संबंधित मुद्दों पर अद्यतन जानकारी तथा ठोस उपायों की रिपोर्ट तत्काल महापौर कार्यालय में प्रस्तुत करने को कहा है।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।