न्यूज़म ब्यूरो
मुंबई, 29सितंबर। महापालिका स्कूलों में विद्यार्थियों को दिए जाने वाले मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता पर सोमवार को शिक्षा समिति की बैठक में सदस्यों ने नाराजगी जताई। शिवसेना (ठाकरे) के अंकित प्रभु ने आरोप लगाया कि विद्यार्थियों को घटिया भोजन दिया जा रहा है और इसे तैयार करने की जगह भी अस्वच्छ है। घाटकोपर के पंतनगर स्कूल में अगस्त के पहले सप्ताह में भोजन में कांच का टुकड़ा मिलने की घटना के बाद इसकी गुणवत्ता पर लगातार सवाल उठ रहे हैं। प्रभु ने कहा कि महापालिका भोजन की गुणवत्ता की नियमित जांच नहीं करती। बचत समूहों से शिकायत करने पर सरकार की ओर से अच्छी सामग्री नहीं मिलने की बात कही जाती है। उन्होंने रोजाना खिचड़ी देने के बजाय आहार विशेषज्ञों की सलाह के अनुसार भोजन में बदलाव करने की मांग की। नगरसेवक प्रमोद सावंत ने भी उनकी मांग का समर्थन करते हुए विद्यार्थियों के स्वास्थ्य को लेकर महापालिका प्रशासन से गंभीरता बरतने की मांग की।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।