
घायल गोविंदाओं को मुफ्त इलाज देने के निर्देश,
16 उपनगरीय अस्पतालों में 105 बेड आरक्षित
रीमा सिंह
मुंबई। दहीहंडी उत्सव के दौरान किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए बृहन्मुंबई महानगरपालिका (मनपा) ने अपनी स्वास्थ्य व्यवस्था पूरी तरह तैयार कर ली है। घायल गोविंदाओं को मुफ्त उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश अतिरिक्त महानगरपालिका आयुक्त (शहर) प्राजक्ता वर्मा-लवंगारे ने दिए हैं। मनपा क्षेत्र के प्रमुख और उपनगरीय अस्पतालों में 100 से अधिक बेड तैयार रखे गए हैं।
मुंबई महानगर क्षेत्र में दहीहंडी उत्सव बड़े उत्साह के साथ मनाया जाता है। इस दौरान बड़ी संख्या में गोविंदा पथक मानव पिरामिड बनाकर दहीहंडी फोड़ते हैं। चोट लगने की आशंका को देखते हुए मनपा प्रशासन ने सभी संबंधित अस्पतालों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।
प्रमुख अस्पतालों में विशेष व्यवस्था
सिव के लोकमान्य तिलक महानगरपालिका अस्पताल, परेल के केईएम अस्पताल और मुंबई सेंट्रल स्थित नायर अस्पताल में गोविंदाओं के लिए विशेष उपचार व्यवस्था की गई है। इसके अलावा 16 उपनगरीय अस्पतालों में कुल 105 बेड तैयार रखे गए हैं। प्रत्येक अस्पताल में जरूरत के अनुसार पांच से 10 बेड उपलब्ध रहेंगे।
तीन शिफ्ट में डॉक्टर और कर्मचारी तैनात
व्यवस्था के तहत मामूली रूप से घायल गोविंदाओं को प्राथमिक उपचार देकर आवश्यकतानुसार घर भेजा जाएगा। वहीं गंभीर रूप से घायल अथवा लंबे उपचार की आवश्यकता वाले गोविंदाओं को अस्पताल में आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इसके लिए डॉक्टरों, चिकित्सा अधिकारियों और कर्मचारियों की तीन शिफ्ट में तैनाती की गई है।
मनपा अस्पतालों में आवश्यक दवाइयां, इंजेक्शन, सर्जिकल सामग्री और प्लास्टर ऑफ पेरिस (पीओपी) पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए हैं। एक्स-रे सहित अन्य आवश्यक चिकित्सा मशीनों को भी तैयार रखा गया है।
अतिरिक्त आयुक्त प्राजक्ता वर्मा-लवंगारे ने सभी अस्पतालों के अधिष्ठाता, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक और चिकित्सा अधीक्षकों को गोविंदाओं के उपचार के लिए पूरी तरह तैयार रहने के निर्देश दिए हैं। उत्सव के दौरान डॉक्टरों और अस्पताल कर्मचारियों को सतर्क रहने को कहा गया है।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।