गणेशोत्सव पर मुंबई से कोंकण जाने वालों को टोल से राहत, 11 से 27 सितंबर तक नहीं देना होगा शुल्क

मुंबई-गोवा और मुंबई-बेंगलुरु हाईवे के साथ अटल सेतु पर भी मिलेगी छूट, गणेशोत्सव पास लगाना होगा अनिवार्य

Rahul Gupta

मुंबई, 8 सितंबर। गणेशोत्सव के लिए मुंबई से अपने गांव जाने वाले लोगों को महाराष्ट्र सरकार ने बड़ी राहत दी है। गणेशभक्तों को 11 सितंबर से 27 सितंबर के बीच मुंबई से कोंकण और कोल्हापुर की ओर जाने वाले प्रमुख मार्गों पर टोल नहीं देना होगा। महाराष्ट्र के लोक निर्माण विभाग (PWD) मंत्री शिवेंद्रसिंहराजे भोंसले ने इसकी जानकारी दी है।

सरकार के मुताबिक, गणेशभक्त जल्द से जल्द अपने घर पहुंच सकें, उन्हें अतिरिक्त आर्थिक बोझ न उठाना पड़े और टोल नाकों पर लगने वाले जाम से राहत मिले, इसलिए यह फैसला लिया गया है। मुंबई से सिंधुदुर्ग जाने पर सामान्य तौर पर 650 रुपये से अधिक टोल देना पड़ता है, जबकि मुंबई से कोल्हापुर जाने के लिए करीब 700 रुपये टोल लगता है।

इन रास्तों पर मिलेगी टोल से छूट

गणेशोत्सव के दौरान इन प्रमुख मार्गों पर टोल से राहत दी जाएगी:

Advertisement

  • मुंबई-गोवा हाईवे (NH-66)
  • मुंबई-बेंगलुरु हाईवे (NH-48)
  • अटल सेतु, जो मुंबई को सीधे नवी मुंबई से जोड़ता है

इसके अलावा महाराष्ट्र स्टेट रोड डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (MSRDC) के अंतर्गत आने वाले संबंधित मार्गों पर भी यह सुविधा लागू रहेगी।

टोल फ्री सफर के लिए पास जरूरी

टोल छूट का लाभ लेने के लिए वाहन पर विशेष पास लगाना अनिवार्य होगा। गणेशोत्सव के दौरान गांव जाने वाले वाहनों पर ‘गणेशोत्सव 2026 कोंकण दर्शन’ नाम का पास लगाया जाएगा।

पास पर वाहन का नंबर और चालक का नाम लिखना जरूरी होगा। यह पास नजदीकी पुलिस थाने और आरटीओ कार्यालय से मुफ्त में उपलब्ध कराया जाएगा। वाहन चालकों को टोल छूट पाने के लिए पास को वाहन पर स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करना होगा।

एसटी बसों को भी टोल से छूट

गणेशोत्सव के दौरान कोंकण और कोल्हापुर जाने वाली महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम (MSRTC) की बसों को भी टोल से पूरी तरह छूट मिलेगी। इन बसों पर भी गणेशोत्सव दर्शन का पास लगाना अनिवार्य रहेगा। पास की व्यवस्था MSRTC की ओर से की जाएगी।

सरकार के इस फैसले से गणेशोत्सव के दौरान मुंबई और आसपास के इलाकों से कोंकण जाने वाले हजारों यात्रियों को आर्थिक राहत मिलने के साथ ही टोल नाकों पर भीड़ और जाम कम करने में मदद मिलने की उम्मीद है।

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Add a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
↑
Tap to Refresh