महाराष्ट्र में SIR से 2 करोड़ से ज्यादा वोटर्स के नाम ड्राफ्ट लिस्ट से बाहर, नासिक-मुंबई में सबसे ज्यादा लैंगिक अंतर

न्यूज़म ब्यूरो

मुंबई, 1 सितंबर।

महाराष्ट्र में वोटर लिस्ट में सुधार के लिए स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) की प्रक्रिया जारी है। चुनाव आयोग की ओर से सोमवार को जारी ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में 2 करोड़ से अधिक वोटर्स के नाम शामिल नहीं किए गए हैं। SIR शुरू होने से पहले राज्य में कुल 9,78,54,049 वोटर्स थे। वहीं संशोधित ड्राफ्ट लिस्ट में 7,71,65,562 यानी 78.86 फीसदी वोटर्स को शामिल किया गया है।

नासिक-मुंबई में पुरुष-महिला वोटर्स में सबसे ज्यादा अंतर

ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में शामिल किए गए वोटर्स में पुरुषों की संख्या 3,95,89,905 और महिलाओं की संख्या 3,75,72,570 है। इस तरह पूरे महाराष्ट्र में पुरुष वोटर्स की संख्या महिलाओं से 20.17 लाख से अधिक है। वहीं थर्ड जेंडर वोटर्स की संख्या 3,087 है। कुल 2,06,88,487 यानी 21.14 फीसदी वोटर्स को ड्राफ्ट लिस्ट में शामिल नहीं किया गया है।

ड्राफ्ट लिस्ट में नासिक और मुंबई उपनगर जिलों में पुरुष और महिला वोटर्स के बीच सबसे अधिक अंतर दर्ज किया गया है। नासिक में 19.6 लाख महिला वोटर्स के मुकाबले 21.09 लाख पुरुष वोटर्स हैं। दोनों के बीच करीब 1.41 लाख का अंतर है। वहीं मुंबई उपनगर में 26.51 लाख पुरुष और 25.2 लाख महिला वोटर्स हैं।

Advertisement

नागपुर में 15.99 लाख पुरुष और 15.95 लाख महिला वोटर्स हैं। यहां दोनों के बीच महज 4,321 का अंतर है। सिंधुदुर्ग में 3.05 लाख पुरुष और 2.9 लाख महिला वोटर्स हैं। राज्य में रत्नागिरी एकमात्र ऐसा जिला है, जहां महिलाओं की संख्या पुरुषों से अधिक है। यहां 6.09 लाख महिला और 5.87 लाख पुरुष वोटर्स हैं। दोनों के बीच 22,188 का अंतर है।

किन वजहों से नाम ड्राफ्ट लिस्ट में नहीं आए?

ड्राफ्ट लिस्ट में नाम शामिल नहीं होने के पीछे कई वजहें बताई गई हैं। बड़ी संख्या में वोटर्स अपने दर्ज पते पर नहीं मिले या अनुपस्थित पाए गए। कुछ वोटर्स अपने पंजीकृत पते से दूसरी जगह शिफ्ट हो चुके थे। इसके अलावा कई वोटर्स की मृत्यु हो चुकी थी।

कुछ मामलों में नाम किसी अन्य जगह दर्ज होने या डुप्लीकेट एंट्री की वजह से भी नाम हटाए गए हैं। वहीं कुछ वोटर्स ने एन्यूमरेशन फॉर्म भरने या जमा करने से इनकार किया, जबकि कुछ अन्य मामलों में फॉर्म जमा नहीं हो सका।

ऐसे वोटर्स की जिला-वार सूची और नाम शामिल नहीं होने की वजहें संबंधित वेबसाइटों पर उपलब्ध करा दी गई हैं।

दावे और आपत्ति दर्ज कराने के लिए 30 सितंबर तक समय

चुनाव आयोग ने ड्राफ्ट वोटर लिस्ट पर दावे और आपत्तियां दर्ज कराने के लिए 31 अगस्त से 30 सितंबर तक का समय दिया है। महाराष्ट्र के 36 जिलों के सभी 288 विधानसभा क्षेत्रों के लिए 288 चुनावी पंजीकरण अधिकारी (ERO) और 7 हजार से अधिक सहायक चुनावी पंजीकरण अधिकारी (AERO) नियुक्त किए गए हैं।

दावे, आपत्तियों और नोटिस से जुड़ी प्रक्रिया 31 अगस्त से 29 अक्टूबर तक पूरी की जाएगी। आयोग के तय कार्यक्रम के अनुसार महाराष्ट्र की अंतिम वोटर लिस्ट 4 नवंबर को प्रकाशित की जानी है।

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Add a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
Tap to Refresh