दिनदहाड़े ज्वेलरी शॉप में पिस्टल लहराकर लूट, भागते बदमाशों ने कर्मचारी को बाइक से घसीटा

राहुल गुप्ता

नागपुर, 4 अक्टूबर। महाराष्ट्र के नागपुर में दिनदहाड़े ज्वेलरी शॉप में घुसे बदमाशों ने पिस्टल की नोक पर लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण लूट लिए। वारदात के बाद आरोपी बाइक से फरार होने लगे। उन्हें रोकने की कोशिश में दुकान का कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

पुलिस के मुताबिक, महाजनवाड़ी स्थित धोमने ज्वेलर्स में कर्मचारी शुभम हाडगे काम कर रहे थे। इसी दौरान बाइक से आए बदमाश दुकान में घुस गए। आरोपियों ने हाडगे पर पिस्टल तानकर गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद उन्होंने दुकान में रखे सोने-चांदी के आभूषण समेटे और बैग में भर लिए।

भागते बदमाशों को रोकने की कोशिश में कर्मचारी घायल

लूट के बाद आरोपी जैसे ही बाइक से भागने लगे, हाडगे ने उन्हें रोकने की कोशिश की। उन्होंने भाग रहे बदमाशों की बाइक पकड़ ली। आरोपियों ने बाइक रोकने के बजाय हाडगे को कुछ दूर तक घसीट दिया। गंभीर चोट लगने के बाद उन्हें बाइक छोड़नी पड़ी।

हाडगे की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।

Advertisement

सीसीटीवी में कैद हुई आरोपियों की करतूत

घटना की जानकारी मिलते ही एमआईडीसी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने ज्वेलरी शॉप में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली है। वारदात के दौरान आरोपियों की गतिविधियां कैमरे में कैद हुई हैं और फुटेज में एक आरोपी का चेहरा भी दिखाई दे रहा है।

बंदूक की नोक पर हुई लूट से स्थानीय व्यापारियों में भी डर का माहौल है। घटना की सूचना मिलने के बाद सराफा एसोसिएशन के पदाधिकारी मौके पर पहुंचे और पुलिस से आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Add a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
↑
Tap to Refresh