न्यूज़म ब्यूरो
भाईंदर, 9 सितंबर।अपराध करने के बाद एक जगह न टिकने वाले शातिर आरोपियों को पकड़ने के लिए एमबीवीवी क्राइम ब्रांच (यूनिट-1), काशीमीरा पुलिस और नवघर पुलिस थाने की टीम ने संयुक्त अभियान चलाया। पुलिस टीम ने करीब 1200 किलोमीटर तक आरोपियों का पीछा किया और आखिरकार राजस्थान से फरार लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया।
4 किलो 300 ग्राम सोने के आभूषण चोरी
एमबीवीवी के नवघर पुलिस थाना क्षेत्र में सेवन स्क्वायर एकेडमी के पास स्थित श्री शगुन स्वर्ण आभूषण दुकान से गत 20 अगस्त को 4 किलो 300 ग्राम वजन के सोने के आभूषण चोरी होने की शिकायत स्वर्णकार राजेश बापन्ना ने दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, 19 अगस्त को दोपहर करीब 2 बजे से 4 बजे के बीच दुकान में काम करने वाले दिनेश चौहान ने आभूषण चोरी किए और फरार हो गया।
सीसीटीवी और लेन-देन की जांच से सुराग
मामला गंभीर होने के कारण नवघर पुलिस थाने की अपराध शाखा के साथ क्राइम ब्रांच (यूनिट-1) के पुलिस अधिकारी भी समानांतर जांच में जुट गए। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, गवाहों के बयान और दुकान के लेन-देन की पड़ताल की गई। इसके बाद क्राइम ब्रांच (यूनिट-1) के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक सुशीलकुमार शिंदे के नेतृत्व में टीम ने फरार दिनेश की तलाश शुरू कर दी।
हिमाचल से राजस्थान तक बदलता रहा ठिकाना
जांच के दौरान पता चला कि मुख्य आरोपी दिनेश शातिर है और हिमाचल प्रदेश, पंजाब, चंडीगढ़, दिल्ली तथा राजस्थान जैसे राज्यों में लगातार अपना ठिकाना बदलकर छिप रहा था। क्राइम ब्रांच, काशीमीरा और नवघर पुलिस की टीमों ने करीब 1200 किलोमीटर तक वाहनों से उसका पीछा किया। आखिरकार तड़के राजस्थान के जयपुर ग्रामीण क्षेत्र से मुख्य आरोपी दिनेश और उसके साथी ललित को गिरफ्तार कर लिया गया।
दो अन्य आरोपी अब भी फरार
जांच में सामने आया कि दो अन्य साथियों ने भी आपराधिक साजिश में शामिल होकर संगठित तरीके से वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने अब फरार आरोपियों महावीरसिंग रावत और मेहुल सिसोदिया की तलाश शुरू कर दी है।
सवा तीन करोड़ के आभूषण बरामद
पुलिस उपायुक्त (जोन-1) राहुल चव्हाण ने बताया कि गिरफ्तार मुख्य आरोपी दिनेश पिछले चार वर्षों से इसी दुकान में काम कर रहा था। दोपहर के समय दुकान में अकेले रहने का फायदा उठाकर उसने वारदात को अंजाम दिया और फरार हो गया। गिरफ्तारी के बाद आरोपियों के पास से करीब सवा तीन करोड़ रुपये मूल्य के 3 किलो 250 ग्राम सोने के आभूषण व सोने की लगड़ी, 5 लाख 33 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं। इसके अलावा अपराध में इस्तेमाल की गई चार पहिया गाड़ी भी जब्त की गई है।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।