बोले- कठिन दौर में भारत को ईरान के साथ खड़ा होना चाहिए
1 अक्टूबर को सीएसटी स्टेशन के सामने जन आंदोलन का ऐलान
रीमा सिंह
मुंबई, 9 सितंबर।
वंचित बहुजन आघाड़ी (VBA) के अध्यक्ष एडवोकेट प्रकाश आंबेडकर ने भारत की विदेश नीति और मध्य पूर्व के मौजूदा हालात को लेकर केंद्र की मोदी सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि मुश्किल समय में भारत को ईरान के साथ मजबूती से खड़ा होना चाहिए। इस मांग को लेकर उन्होंने 1 अक्टूबर को मुंबई के सीएसटी स्टेशन के सामने जन आंदोलन करने का ऐलान किया।
कश्मीर मुद्दे पर ईरान ने भारत का साथ दिया
पत्रकार परिषद को संबोधित करते हुए आंबेडकर ने कहा कि जब भी कश्मीर का मुद्दा अंतरराष्ट्रीय मंचों या संयुक्त राष्ट्र में उठा, ईरान ने भारत और उसके पक्ष का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि ईरान लंबे समय से भारत का मित्र रहा है और आज जब वह कठिन परिस्थितियों से गुजर रहा है, तब भारत को उसकी मदद के लिए आगे आना चाहिए।
इजराइल से संबंध खराब करने की मांग नहीं
आंबेडकर ने स्पष्ट किया कि उनका संगठन भारत और इजराइल के संबंध खत्म करने की मांग नहीं कर रहा है। हालांकि, अमेरिका और इजराइल की ओर से ईरान के खिलाफ जारी हमलों के बीच भारत को अपने पुराने मित्र देश के साथ खड़ा होना चाहिए। उन्होंने कहा कि युद्ध जारी रहने तक भारत को इजराइल को किसी भी प्रकार के हथियार नहीं बेचने चाहिए।
तेल खरीद से बजट स्थिर करने का दावा
उन्होंने कहा कि ईरान के साथ व्यापारिक संबंध मजबूत करने और होर्मुज क्षेत्र से खरीदे गए तेल का इस्तेमाल करने से परिवारों के बजट पर बढ़ते महंगाई के दबाव को कम किया जा सकता है। इससे देश की अर्थव्यवस्था और आम जनता के घरेलू बजट को स्थिर करने में मदद मिल सकती है।
‘चॉकलेट डिप्लोमेसी’ पर भी निशाना
आंबेडकर ने केंद्र सरकार की विदेश नीति पर कटाक्ष करते हुए कहा कि कुछ महीने पहले इटली ने भारत के पांच जहाजों को रोक लिया था। उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी सरकार की ‘चॉकलेट डिप्लोमेसी’ काम नहीं आई और इससे भारत की बेइज्जती हुई। उन्होंने कहा कि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न हो, इसलिए जन आंदोलन किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि 1 अक्टूबर का आंदोलन सरकार से जनता की अपील है कि जिस ईरान ने कठिन समय में भारत का साथ दिया, उसके मुश्किल दौर में भारत भी उसके साथ खड़ा रहे।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।