महाराष्ट्र के 2.10 करोड़ विद्यार्थियों के लिए स्काउट-गाइड प्रशिक्षण अनिवार्य करने की तैयारी

राज्य की 1.08 लाख स्कूलों तक योजना का विस्तार होगा, परेड और देशभक्ति गीतों पर कवायद के साथ सप्ताह में दो पीरियड रखने के निर्देश दिए गए।

राहुल गुप्ता

मुंबई, 15 अक्टूबर। महाराष्ट्र में सभी माध्यमों की 1.08 लाख स्कूलों के करीब 2.10 करोड़ विद्यार्थियों के लिए स्काउट-गाइड प्रशिक्षण अनिवार्य करने के निर्देश स्कूली शिक्षा मंत्री दादाजी भुसे ने दिए हैं। फिलहाल राज्य की 30 हजार स्कूलों में लगभग 17.33 लाख विद्यार्थियों को यह प्रशिक्षण दिया जा रहा है। अब इसका विस्तार सभी माध्यमों की स्कूलों तक करने की योजना है।

इस संबंध में मंत्री दादाजी भुसे ने अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में राज्य की सभी स्कूलों में स्काउट-गाइड गतिविधियों का विस्तार करने का निर्णय लिया गया। मंत्री ने कहा कि स्कूली शिक्षा विभाग ‘राष्ट्र प्रथम’ की अवधारणा को केंद्र में रखकर काम कर रहा है। इसलिए सभी स्कूलों में स्काउट-गाइड गतिविधियां संचालित करना आवश्यक है।

परेड और देशभक्ति गीतों पर कवायद होगी

Advertisement

मंत्री भुसे ने निर्देश दिए कि इस पहल के तहत परेड, मार्च-पास्ट और देशभक्ति गीतों पर कवायद को अनिवार्य किया जाए। इसके लिए ‘आनंददायी शनिवार’ पहल के अंतर्गत हर सप्ताह दो पीरियड निर्धारित किए जाएं।

शिक्षकों को मिलेगा सात दिन का प्रशिक्षण

स्काउट-गाइड गतिविधियों को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए स्कूलों के शिक्षकों को तालुका स्तर पर सात दिन का प्रशिक्षण दिया जाएगा। मंत्री ने बताया कि जिला परिषद स्कूलों के विद्यार्थियों का शुल्क और प्रशिक्षकों का मानदेय स्कूली शिक्षा विभाग की ओर से दिया जाएगा।

पुरस्कार प्राप्त विद्यार्थियों के अंकों में बढ़ोतरी का प्रस्ताव

वर्तमान में राज्य पुरस्कार प्राप्त विद्यार्थियों को 3 अंक और राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त विद्यार्थियों को 10 अंक दिए जाते हैं। मंत्री भुसे ने अधिकारियों को इन अंकों में बढ़ोतरी के लिए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश भी दिए।

बैठक में प्रधान सचिव रणजीत सिंह देओल, स्कूली शिक्षा आयुक्त सचिंद्रप्रताप सिंह, एससीईआरटी के निदेशक मंगेश जोशी, उपसचिव तुषार महाजन और स्काउट-गाइड के सहायक राज्य सचिव रमेश जाधव सहित स्कूली शिक्षा एवं खेल विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Add a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
↑
Tap to Refresh