न्यूज़म ब्यूरो
मुंबई, 10 सितंबर।
दिग्गज पटकथा लेखक और अभिनेता सलमान खान के पिता सलीम खान को हिंदी सिनेमा में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रतिष्ठित राज कपूर लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार से सम्मानित किया गया। सलीम खान की ओर से उनकी दूसरी पत्नी अभिनेत्री हेलन ने यह सम्मान ग्रहण किया। इस मौके पर हेलन ने महाराष्ट्र सरकार का आभार जताते हुए कहा कि सलीम साहब के लिए यह बेहद खास सम्मान है। उन्होंने हिंदी फिल्म जगत को यादगार कहानियां और संवाद देकर अपनी अलग पहचान बनाई है।
मीडिया से बातचीत में हेलन ने बताया कि सम्मान की जानकारी मिलने के बाद सलीम खान ने उन्हें चाहने वाले और लगातार समर्थन देने वाले सभी लोगों का शुक्रिया अदा किया। हेलन ने कहा कि वह सलीम खान की ओर से यह पुरस्कार पाकर बेहद खुश हैं। उन्होंने कहा कि सलीम की लिखी सभी फिल्में उन्हें पसंद हैं। साथ ही उन्होंने महाराष्ट्र और देशवासियों को अपनी शुभकामनाएं भी दीं।
सलीम खान ने 1970 के दशक में जावेद अख्तर के साथ मिलकर हिंदी सिनेमा को ‘शोले’, ‘जंजीर’, ‘दीवार’, ‘डॉन’ और ‘त्रिशूल’ जैसी कई यादगार फिल्में दीं। दोनों की जोड़ी ने कहानी, पटकथा और दमदार संवादों के जरिए सिनेमा में लेखकों की भूमिका को नई पहचान दिलाई। सलीम खान उन शुरुआती लेखकों में भी रहे, जिन्होंने फिल्म के पोस्टर और प्रचार में पटकथा लेखक को उचित श्रेय और सम्मान दिलाने की आवाज उठाई।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।