रीमा सिंह
मुंबई, 9 सितंबर।
भाजपा के प्रदेश मुख्य प्रवक्ता नवनाथ बन ने बुधवार को शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के नेता संजय राऊत पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि राऊत अब हिंदुत्व का शिवधनुष संभालने की स्थिति में नहीं हैं। कांग्रेस और राहुल गांधी के साथ खड़े होकर राऊत को हिंदुत्व तथा धनुष-बाण की विचारधारा पर बोलने का कोई अधिकार नहीं है।
धनुष-बाण को फ्रीज करना हिंदुत्व को फ्रीज करने जैसा
भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित पत्रकार परिषद में नवनाथ बन ने कहा कि धनुष-बाण चुनाव चिह्न को फ्रीज करना हिंदुत्व और बालासाहेब ठाकरे के विचारों को फ्रीज करने के समान है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्ष 2019 से उद्धव ठाकरे गुट के माध्यम से हिंदुत्व के विचारों को कमजोर करने का प्रयास किया जा रहा है।
2019 के जनादेश का किया गया अपमान
नवनाथ बन ने कहा कि 2019 में शिवसेना और भाजपा ने गठबंधन में विधानसभा चुनाव लड़ा था। जनता ने गठबंधन के पक्ष में जनादेश दिया था, लेकिन इसके बावजूद उद्धव ठाकरे कांग्रेस के साथ चले गए। उन्होंने आरोप लगाया कि इस फैसले से मतदाताओं के जनादेश का अपमान हुआ।
जनता ने उद्धव गुट को नकारा
भाजपा नेता ने दावा किया कि 2024 के चुनाव में महाराष्ट्र की जनता ने उद्धव ठाकरे गुट को नकार दिया। उन्होंने कहा कि धनुष-बाण का चुनाव चिह्न असली शिवसेना और एकनाथ शिंदे को मिला है। ऐसे में उद्धव गुट को हिंदुत्व की विचारधारा पर सवाल उठाने का नैतिक अधिकार नहीं है।
पहले अपनी पार्टी बचाएं राऊत
नवनाथ बन ने संजय राऊत को सलाह दी कि वे हिंदुत्व पर टिप्पणी करने के बजाय अपनी पार्टी को बचाने पर ध्यान दें। उन्होंने कहा कि हिंदुत्व और बालासाहेब ठाकरे की विचारधारा को लेकर भाजपा और शिवसेना (शिंदे गुट) अपनी भूमिका स्पष्ट कर चुके हैं।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।