टिटवाला में 15 दिनों तक विशेष ट्रैफिक-पावर ब्लॉक

लोकल और एक्सप्रेस सेवाएं प्रभावित

रीमा सिंह
मुंबई। 15 कोच वाली लोकल ट्रेनों के संचालन के लिए टिटवाला स्टेशन के प्लेटफॉर्म का विस्तार किया जा रहा है। इसके लिए मध्य रेल ने 28/29 अगस्त की मध्यरात्रि से 11/12 सितंबर 2026 की मध्यरात्रि तक 15 दिनों का विशेष ट्रैफिक एवं पावर ब्लॉक लिया है। प्रत्येक रात करीब पांच से छह घंटे चलने वाले इस ब्लॉक का असर उपनगरीय और मेल-एक्सप्रेस ट्रेनों पर पड़ेगा।

4 से 7 सितंबर तक विशेष ब्लॉक

मध्य रेल के अनुसार 4/5 सितंबर से 6/7 सितंबर की रात 00.00 बजे से सुबह 5 बजे तक अप और डाउन नॉर्थ ईस्ट लाइन पर ब्लॉक रहेगा। इस दौरान टिटवाला और कसारा के बीच उपनगरीय सेवाएं उपलब्ध नहीं रहेंगी। 11/12 सितंबर तक टिटवाला जाने वाली सभी उपनगरीय सेवाओं को आसनगांव तक बढ़ाया जाएगा, जबकि टिटवाला से शुरू होने वाली सेवाएं आसनगांव से चलेंगी। कुछ लोकल सेवाओं को ठाणे या कल्याण तक ही चलाया जाएगा अथवा वहीं से शुरू किया जाएगा।

Advertisement

ब्लॉक से पहले कसारा के लिए सीएसएमटी से अंतिम लोकल रात 9.32 बजे और टिटवाला के लिए रात 9.20 बजे रवाना होगी। ब्लॉक के बाद कसारा के लिए पहली लोकल सुबह 4.19 बजे, जबकि कसारा से सीएसएमटी के लिए पहली लोकल 4.59 बजे चलेगी।

कई एक्सप्रेस ट्रेनों के समय में बदलाव

ब्लॉक के चलते एलटीटी-पाटलिपुत्र, सीएसएमटी-अमृतसर, सीएसएमटी-बनारस महानगरी, एलटीटी-गोरखपुर कुशीनगर, एलटीटी-भुवनेश्वर और एलटीटी-हटिया एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनों के प्रस्थान समय को पुनर्निर्धारित किया गया है।

इसके अलावा मुंबई मंडल में वासिंद, आटगांव, खर्डी, कसारा और इगतपुरी में कई मेल-एक्सप्रेस ट्रेनों को निर्धारित समय के दौरान नियंत्रित किया जाएगा। इनमें गोरखपुर-दादर, बलिया-दादर, ज्ञानेश्वरी, हावड़ा-सीएसएमटी मेल और गोरखपुर-एलटीटी एक्सप्रेस जैसी ट्रेनें शामिल हैं।

देवगिरी एक्सप्रेस, मंगलाद्वीप एक्सप्रेस, पंजाब मेल, नागपुर-सीएसएमटी दुरंतो, हावड़ा-सीएसएमटी दुरंतो और रानी कमलापति-एलटीटी एक्सप्रेस समेत कुछ ट्रेनें गंतव्य तक 30 से 40 मिनट की देरी से पहुंच सकती हैं।

मध्य रेल ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले ट्रेन का समय जांच लें। रेलवे के अनुसार प्लेटफॉर्म विस्तार और ब्लॉक का कार्य बुनियादी ढांचे के सुधार तथा यात्री सुरक्षा के लिए आवश्यक है।

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Add a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
Tap to Refresh