गणेशोत्सव से पहले पिंपरी-चिंचवड़ में बढ़ा स्वाइन फ्लू का खतरा, 8 महीने में 37 मरीज मिले

अगस्त में सामने आए सबसे ज्यादा 31 मामले, सभी संक्रमित मरीजों की हालत स्थिर; महानगरपालिका ने लोगों से घबराने के बजाय सावधानी बरतने की अपील की

न्यूज़म ब्यूरो

पिंपरी-चिंचवड़, 3 सितंबर। गणेशोत्सव से पहले पुणे के पिंपरी-चिंचवड़ में स्वाइन फ्लू के बढ़ते मामलों ने स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है। शहर में इस साल अब तक 37 लोगों में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हो चुकी है। इनमें जनवरी में एक, जुलाई में पांच और अगस्त में सबसे ज्यादा 31 मरीज सामने आए हैं। हालांकि, राहत की बात यह है कि संक्रमित सभी मरीजों की हालत स्थिर बताई जा रही है।

महानगरपालिका प्रशासन ने नागरिकों से घबराने के बजाय सावधानी बरतने की अपील की है। पिछले कुछ वर्षों के आंकड़ों के अनुसार, 2022 में स्वाइन फ्लू के कुल 58 मामले सामने आए थे। इनमें अगस्त महीने में ही 34 मरीज संक्रमित मिले थे। इसके बाद 2024 में 15 मामलों की पुष्टि हुई थी। मौजूदा स्थिति को देखते हुए प्रशासन का कहना है कि फिलहाल घबराने की जरूरत नहीं है, लेकिन सावधानी बेहद जरूरी है।

स्वास्थ्य अधिकारियों ने लोगों को दी ये सलाह

गणेशोत्सव के दौरान बड़ी संख्या में लोग घरों से बाहर निकलते हैं और सार्वजनिक जगहों पर भीड़ जुटती है। ऐसे में स्वास्थ्य अधिकारियों ने लोगों को भीड़भाड़ वाली जगहों पर जाने से बचने, जरूरत पड़ने पर मास्क पहनने और हाथों की साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी है। साथ ही सर्दी, खांसी या बुखार जैसे लक्षण नजर आने पर लापरवाही नहीं बरतने की अपील की गई है।

Advertisement

स्वाइन फ्लू के लक्षण और इलाज

स्वाइन फ्लू को स्वाइन इन्फ्लुएंजा भी कहा जाता है। यह वायरस मुख्य रूप से संक्रमित व्यक्ति के छींकने या खांसने से फैल सकता है। इसके सामान्य लक्षणों में सर्दी, बुखार और सांस लेने में तकलीफ शामिल हैं। इसके अलावा गले में खराश, लगातार खांसी, नाक बहना, आंखों से पानी आना, सिरदर्द, दस्त और अत्यधिक थकान जैसे लक्षण भी दिखाई दे सकते हैं।

ऐसे लक्षण नजर आने पर व्यक्ति को खुद को दूसरों से अलग रखने और तुरंत नजदीकी डॉक्टर से सलाह लेने की जरूरत है। महानगरपालिका के अस्पताल में जांच करवाकर डॉक्टर की सलाह के मुताबिक ही दवाइयां लेने की सलाह दी गई है। घर पर स्वयं दवा लेने से बचना चाहिए।

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Add a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
Tap to Refresh