मलेरिया-डेंगी की रोकथाम के लिए प्रभावी कदम उठाएं : आयुक्त अश्विनी भिडे

‘जी दक्षिण’ विभाग के प्रसूति गृह और मनपा अस्पताल का किया निरीक्षण, स्वास्थ्य सुविधाओं की समीक्षा,प्रसूति गृह का किया निरीक्षण

न्यूज़म ब्यूरो

मुंबई, 8 अक्टूबर। मलेरिया, डेंगी सहित अन्य संक्रामक बीमारियों की रोकथाम के लिए प्रभावी उपाय किए जाएं। साथ ही अधिक से अधिक नागरिकों को आभा कार्ड और आयुष्मान भारत कार्ड का लाभ मिल सके, इसके लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाए। यह निर्देश महानगरपालिका आयुक्त अश्विनी भिडे ने दिए।

प्रसूति गृह का किया निरीक्षण

बृहन्मुंबई महानगरपालिका के ‘जी दक्षिण’ विभाग के सार्वजनिक स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत आने वाले हाजी मोहम्मद साबू सिद्दीकी महानगरपालिका प्रसूति गृह और प्रभादेवी स्थित महानगरपालिका दवाखाने का आयुक्त अश्विनी भिडे ने 8 अक्टूबर को प्रत्यक्ष निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य सुविधाओं और अस्पताल के कामकाज की जानकारी ली।

Advertisement

एचएमआईएस रिकॉर्ड की जांच

हाजी मोहम्मद साबू सिद्दीकी महानगरपालिका प्रसूति गृह के निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने परिसर का जायजा लिया। उन्होंने चिकित्सा अधिकारियों और संबंधित कर्मचारियों से प्रसूति गृह के कामकाज की जानकारी प्राप्त की। इसके अलावा एचएमआईएस प्रणाली के तहत बाह्य रोगी विभाग (ओपीडी) और भर्ती मरीजों से संबंधित रिकॉर्ड की प्रत्यक्ष जांच की। उन्होंने इमारत में आवश्यक छोटी-मोटी मरम्मत के कार्यों तथा जरूरी चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता को लेकर संबंधित अधिकारियों को उचित कार्रवाई के निर्देश दिए।

दवाखाने की स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा

इसके बाद आयुक्त ने प्रभादेवी स्थित महानगरपालिका दवाखाने का निरीक्षण किया। यहां दवाखाने और पॉलीक्लिनिक में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं, प्रतिदिन आने वाले मरीजों की संख्या, मरीजों की श्रेणी, उपलब्ध दवाओं के स्टॉक और रक्त जांच की सुविधा की जानकारी ली। उन्होंने मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति की भी समीक्षा की।

मलेरिया-डेंगी पर विशेष ध्यान

निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने क्षेत्र में मलेरिया और डेंगी के मरीजों की संख्या की जानकारी ली। उन्होंने इन बीमारियों के प्रसार को रोकने के लिए प्रभावी प्रतिबंधात्मक उपाय करने तथा आवश्यक स्तर पर निगरानी बढ़ाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

आभा और आयुष्मान कार्ड के लिए जागरूकता

आयुक्त अश्विनी भिडे ने कहा कि विभाग के अधिक से अधिक नागरिकों को आभा कार्ड और आयुष्मान भारत कार्ड का लाभ मिलना चाहिए। इसके लिए आशा कार्यकर्ताओं और स्वास्थ्य स्वयंसेविकाओं के माध्यम से नागरिकों में आवश्यक जनजागरूकता पैदा करने के निर्देश उन्होंने दिए।

निरीक्षण के दौरान उप आयुक्त (आयुक्त कार्यालय) प्रशांत गायकवाड, उप आयुक्त (सार्वजनिक स्वास्थ्य) शरद उघडे, उप आयुक्त (परिमंडल-2) प्रशांत सपकाळे, सहायक आयुक्त (जी दक्षिण) स्वप्नजा क्षीरसागर, कार्यकारी स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संतोष गायकवाड सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Add a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
↑
Tap to Refresh