पेट्रोल पंप सील करने पहुंची टीम, विवाद के बीच इंडियन ऑयल अधिकारी की हत्या; धारदार हथियार से हमला

राहुल गुप्ता

हिंगोली, 7 अक्टूबर। महाराष्ट्र के हिंगोली जिले में पेट्रोल पंप सील करने की कार्रवाई के दौरान विवाद इतना बढ़ गया कि इंडियन ऑयल के एक अधिकारी की हत्या कर दी गई। चोंडी गांव में पेट्रोल पंप संचालक के परिवार और कंपनी की टीम के बीच कहासुनी के बाद मारपीट शुरू हो गई। इसी दौरान इंडियन ऑयल के मैनेजर महेश शेळके पर धारदार हथियार से हमला किया गया। गंभीर रूप से घायल महेश की मौके पर ही मौत हो गई।

पेट्रोल पंप सील करने पहुंची थी टीम

जानकारी के मुताबिक, चोंडी गांव स्थित इंडियन ऑयल का पेट्रोल पंप पिछले कुछ समय से बंद था। कंपनी की ओर से पेट्रोल पंप को सील कर टेकओवर करने की कार्रवाई की जानी थी। इसी सिलसिले में मैनेजर महेश शेळके अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे थे।

टीम ने जैसे ही पेट्रोल पंप को सील करने की प्रक्रिया शुरू की, संचालक के परिवार के सदस्यों और कंपनी के अधिकारियों-कर्मचारियों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते मामला हाथापाई तक पहुंच गया।

Advertisement

धारदार हथियार से हमला, मौके पर मौत

इसी दौरान महेश शेळके पर धारदार हथियार से हमला कर दिया गया। गंभीर चोट लगने के बाद वह पेट्रोल पंप परिसर में गिर पड़े। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। महेश की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस की ओर से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।

हरदीप पुरी ने जताया दुख

इंडियन ऑयल अधिकारी की हत्या की जानकारी सामने आने के बाद केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने घटना पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि महेश शेळके इंडियन ऑयल के रिटेल आउटलेट के टेकओवर की कार्रवाई में शामिल टीम का हिस्सा थे और ड्यूटी के दौरान उन पर धारदार हथियार से हमला किया गया।

हरदीप पुरी ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए महाराष्ट्र सरकार और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से आरोपियों के खिलाफ तेजी से और सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।

उन्होंने कहा कि पेट्रोलियम मंत्रालय और इंडियन ऑयल महेश शेळके के परिवार के साथ खड़े हैं और उन्हें हरसंभव सहायता दी जाएगी। केंद्रीय मंत्री ने ऊर्जा क्षेत्र में काम करने वाले कर्मचारियों की सुरक्षा को प्राथमिकता बताते हुए कहा कि ड्यूटी के दौरान कर्मचारियों की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित किया जाना जरूरी है।

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Add a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
↑
Tap to Refresh