इम्तियाज खत्री धमकी मामले में आतंकी कनेक्शन की जांच तेज

आरोपी के पिता और भाई के LeT से कथित संबंधों की पड़ताल, दूसरे भाई के हिजबुल मुजाहिद्दीन से जुड़े होने का दावा

न्यूज़म ब्यूरो

मुंबई, 9 सितंबर।

कारोबारी इम्तियाज खत्री को पाकिस्तान के नंबर से धमकी दिए जाने के मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच ने जांच का दायरा बढ़ा दिया है। मामले में गिरफ्तार आरोपी मोहम्मद शरीफ के परिवार के कथित आतंकी कनेक्शन सामने आने के बाद पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी का पाकिस्तान में मौजूद अपने परिजनों और अन्य संदिग्ध लोगों से किस तरह का संपर्क था।

सूत्रों के मुताबिक, मोहम्मद शरीफ के पिता और उसका एक भाई पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) में रहते हैं। दोनों के लश्कर-ए-तैयबा (LeT) से कथित संबंध होने की जानकारी सामने आने के बाद क्राइम ब्रांच इस पहलू की भी जांच कर रही है। वहीं, आरोपी के एक अन्य भाई के हिजबुल मुजाहिद्दीन से कथित तौर पर जुड़े होने की बात भी सामने आई है।

Advertisement

पाकिस्तान में मौजूद व्यक्ति से संपर्क के सबूत

पुलिस के मुताबिक, जांच के दौरान मोहम्मद शरीफ के मोबाइल फोन की पड़ताल में पाकिस्तान में मौजूद एक व्यक्ति के साथ उसके संपर्क और बातचीत के सबूत मिले। इसके बाद पुलिस ने शरीफ को हिरासत में लेकर पूछताछ की और बाद में उसे गिरफ्तार कर लिया।

अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि पाकिस्तान में मौजूद व्यक्ति से आरोपी का संपर्क किस मकसद से था और क्या उसे किसी तरह का निर्देश या टास्क दिया गया था।
सोशल मीडिया पोस्ट के बाद मिली थी धमकी

दरअसल, बांद्रा के गरीब नगर इलाके में हुई तोड़क कार्रवाई को लेकर कारोबारी इम्तियाज खत्री ने सोशल मीडिया पर समर्थन जताया था। इसके बाद उन्हें पाकिस्तान के नंबर से व्हाट्सऐप कॉल और वॉइस नोट के जरिए धमकी मिलने का आरोप है।

मामले की जांच मुंबई क्राइम ब्रांच की क्राइम इंटेलिजेंस यूनिट (CIU) कर रही है। जांच के दौरान पाकिस्तान कनेक्शन सामने आने के बाद पुलिस ने आरोपी के मोबाइल फोन और संपर्कों की पड़ताल शुरू की।

2008 से मुंबई में रह रहा था आरोपी

गिरफ्तार मोहम्मद शरीफ की उम्र करीब 45 वर्ष बताई जा रही है। वह मूल रूप से जम्मू-कश्मीर के पुंछ इलाके का रहने वाला है और वर्ष 2008 से मुंबई में रह रहा था। पुलिस के अनुसार, वह मुंबई में अलग-अलग स्थानों पर सिक्योरिटी गार्ड और वॉचमैन के तौर पर काम कर चुका है।

क्राइम ब्रांच अब आरोपी के परिवार के कथित आतंकी संपर्कों, पाकिस्तान में मौजूद लोगों से उसके संबंध और धमकी मामले में उसकी संभावित भूमिका की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है। हालांकि, परिवार के सदस्यों के आतंकी संगठनों से कथित संबंधों को लेकर जांच अभी जारी है और इन दावों की आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Add a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
↑
Tap to Refresh