महाराष्ट्र के जलगांव में बाइक और ट्रक की आमने-सामने टक्कर में मध्य प्रदेश के बुरहानपुर निवासी परिवार के छह लोगों की जान चली गई।
राहुल गुप्ता
जलगांव, 16 अक्टूबर। महाराष्ट्र के जलगांव जिले में गुरुवार शाम हुए भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के 6 सदस्यों की मौत हो गई। मृतकों में 3 बच्चे भी शामिल हैं, जिनमें 3 महीने का मासूम भी था। हादसा जामनेर तालुका के मालदाभाड़ी के पास जामनेर-बोदवद रोड पर शाम करीब 4 बजे हुआ। ट्रक और दोपहिया वाहन की टक्कर इतनी गंभीर थी कि बाइक पर सवार सभी 6 लोगों की जान चली गई। हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।
मध्य प्रदेश के बुरहानपुर का रहने वाला था परिवार
पुलिस के मुताबिक, मृतक मध्य प्रदेश के बुरहानपुर जिले के मालची तांडा गांव के निवासी थे। परिवार खेतिहर मजदूरी कर अपना गुजारा करता था। हादसे की खबर मिलते ही घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
बोदवद से जामनेर जा रही बाइक ट्रक से टकराई
जलगांव के पुलिस अधीक्षक श्रीकांत धिवरे ने बताया कि गुरुवार दोपहर करीब 3:30 से 4 बजे के बीच मध्य प्रदेश के पंजीकरण वाली पल्सर मोटरसाइकिल बोदवद से जामनेर की ओर जा रही थी। इसी दौरान जामनेर की तरफ से एक ट्रक बोदवद की ओर आ रहा था। बाइक पर 3 वयस्क और 3 बच्चे सवार थे। दोनों वाहनों की आमने-सामने टक्कर हो गई।
CCTV में कैद हुई टक्कर
हादसे का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। इसमें ट्रक और बाइक के बीच आमने-सामने की टक्कर दिखाई देती है। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार सभी 6 लोगों की मौत हो गई। हादसे के बाद पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की।
मृतकों में 3 महीने का मासूम भी शामिल
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान रामा सुरशिंग भिलाले (26), उनकी पत्नी शिमला रामा भिलाले (22), बेटियों पुज्या रामा भिलाले (5) और भरती रामा भिलाले (3), तीन महीने के श्रवण रामा भिलाले और चंपालाल रेवणशिंग भिलाले (28) के रूप में हुई है।
एक ही परिवार के 6 सदस्यों की मौत से मध्य प्रदेश के बुरहानपुर और महाराष्ट्र के जलगांव में शोक का माहौल है।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।