देवी दर्शन के बाद घर लौट रहा था परिवार, रास्ते में काल बनकर आई झपकी; पति-पत्नी की मौत

कार बेकाबू होकर सड़क पर 2-3 बार पलटी, ग्राम पंचायत सदस्य समेत 3 लोग गंभीर रूप से घायल; सरकारी अस्पताल में इलाज जारी।

राहुल गुप्ता

यवतमाल, 17 अक्टूबर। महाराष्ट्र के यवतमाल में नवरात्रि के दौरान देवी दर्शन के बाद घर लौट रहे एक परिवार की कार हादसे का शिकार हो गई। शनिवार तड़के चालक को झपकी आने से कार बेकाबू होकर पलट गई। हादसे में पति-पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके बेटे समेत 3 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में पहापल ग्राम पंचायत की सदस्य मनीषा प्रशांत कायरकर भी शामिल हैं।

मृतकों की पहचान रविंद्र बबनराव शास्त्रकार (46) और उनकी पत्नी जयश्री रविंद्र शास्त्रकार (37) के रूप में हुई है। दोनों यवतमाल जिले के केलापुर तहसील के अकोली खुर्द गांव के निवासी थे। हादसे में उनका बेटा तेजस रविंद्र शास्त्रकार (20), मनीषा प्रशांत कायरकर (30) और श्रेयश प्रशांत कायरकर (9) गंभीर रूप से घायल हुए हैं। तीनों का यवतमाल के सरकारी अस्पताल में उपचार जारी है।

झपकी आने से कार पर से नियंत्रण खोया

Advertisement

जानकारी के अनुसार, रविंद्र शास्त्रकार शुक्रवार को अपनी कार से पत्नी, बेटे और दो अन्य लोगों के साथ यवतमाल में देवी दर्शन के लिए आए थे। रातभर दर्शन करने के बाद शनिवार तड़के वे गांव लौट रहे थे। चापडोह चौफुली के पास चालक को झपकी आ गई, जिससे कार पर से नियंत्रण छूट गया।

तेज रफ्तार कार सड़क के दाईं ओर से बाईं तरफ चली गई और 2 से 3 बार पलट गई। हादसे में पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल ले गई, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी।

हादसे के संबंध में अवधूतवाड़ी पुलिस थाने में मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शनिवार शाम तक जारी थी। पुलिस आगे की जांच कर रही है।

नवरात्रि के दौरान दूसरा बड़ा हादसा

नवरात्रि के दौरान यवतमाल क्षेत्र में यह लगातार दूसरा गंभीर सड़क हादसा है। शुक्रवार तड़के माहूर में देवी दर्शन कर यवतमाल लौट रहे युवकों का वाहन घाट में खाई में गिर गया था। उस हादसे में यवतमाल के 3 युवकों की मौत हुई थी। इसके बाद शनिवार तड़के कार हादसे में पति-पत्नी की मौत से इलाके में शोक का माहौल है।

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Add a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
↑
Tap to Refresh