फसलों के बीच छिपा था गांजे का खेल, 24 घंटे में पुलिस ने 848 पौधों समेत 7 किलो गांजा किया जब्त

कपास और तूर की फसल की आड़ में गांजे की खेती का खुलासा, अलग-अलग कार्रवाई में कई आरोपी गिरफ्तार

 

राहुल गुप्ता

यवतमाल, 8 अक्टूबर। नशीले पदार्थों के उत्पादन और बिक्री पर रोक लगाने के लिए पुलिस की विशेष मुहिम में 24 घंटे के भीतर बड़ी कार्रवाई सामने आई है। घाटंजी पुलिस ने कुंभारी शिवार स्थित खेत से गांजे के 848 पौधे जब्त किए। वहीं पारवा पुलिस ने पाटापांगरा शिवार से 110 और वडकी पुलिस ने दहेगाव सावित्री से 28 पौधे बरामद किए। इन कार्रवाई में जब्त गांजे के हरे पौधों का कुल वजन करीब साढ़े 4 क्विंटल बताया गया है। इसके अलावा पुसद शहर पुलिस ने बस स्टैंड क्षेत्र से 7 किलो गांजे के साथ 3 लोगों को गिरफ्तार किया है।

कपास और तूर की फसल के बीच गांजे की खेती

Advertisement

घाटंजी तालुका के कुंभारी शिवार में राजू रामजी सलाम (38) के 3 एकड़ खेत में कपास और तूर की फसल के बीच गांजे के पौधे लगाए गए थे। पुलिस को गुप्त सूचना मिलने के बाद घाटंजी थानेदार केशव ठाकरे ने कार्रवाई की योजना बनाई। पुलिस टीम सरकारी पंचों के साथ गुरुवार दोपहर खेत में पहुंची और तलाशी के दौरान गांजे के 848 पौधे जब्त किए। इनका वजन करीब 4 क्विंटल होने का प्रारंभिक अनुमान है। कार्रवाई के दौरान पांढरकवडा की फॉरेंसिक टीम के साथ राजस्व विभाग और नगर परिषद के अधिकारी भी मौजूद रहे।

पाटापांगरा में 110 पौधे जब्त

पारवा थानेदार हेमंत चौधरी के नेतृत्व में पाटापांगरा शिवार के एक खेत में छापेमारी की गई। यहां कपास और तूर की फसल के बीच लगाए गए गांजे के 110 पौधे बरामद हुए। पुलिस ने किसान विणू वसंत झाड़े के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

पुसद बस स्टैंड पर 7 किलो गांजे के साथ 3 गिरफ्तार

पुसद शहर पुलिस ने बस स्टैंड क्षेत्र में ओडिशा से गांजा बेचने के लिए आए 3 लोगों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से 7 किलो गांजा और करीब 1.50 लाख रुपये का सामान जब्त किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आनंद बिरचे जाधव, कुमारी रीटा बांगर और रंजिता बांगर के रूप में हुई है। तीनों के खिलाफ नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस यानी एनडीपीएस कानून के तहत मामला दर्ज किया गया है।

दहेगाव में तूर की आड़ में 28 पौधे

रालेगांव तालुका के दहेगाव शिवार में वडकी पुलिस ने बुधवार रात तहसीलदार अमित भोईटे की मौजूदगी में छापेमारी की। तूर की फसल के बीच लगाए गए गांजे के 28 पौधे जड़ समेत उखाड़कर जब्त किए गए। इनका कुल वजन 10 किलो 580 ग्राम था। पुलिस ने किसान वंजू मोतीराम काले (40) के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

पुलिस की लगातार कार्रवाई से जिले में गांजे की खेती और तस्करी करने वालों पर दबाव बढ़ा है। अलग-अलग स्थानों से बड़ी मात्रा में पौधे और गांजा जब्त किए जाने के बाद पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जांच कर रही है।

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Add a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
↑
Tap to Refresh