राहुल गुप्ता
ठाणे, 26 सितंबर। महाराष्ट्र के ठाणे में साइबर ठगी का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। 59 वर्षीय महिला को फर्जी शेयर ट्रेडिंग ऐप के जरिए करोड़ों रुपये के मुनाफे का लालच दिया गया। जालसाजों ने महिला से अलग-अलग बैंक खातों में 1.1 करोड़ रुपये जमा करवाए और इसके बाद ऐप पर उसके निवेश का मुनाफा बढ़ाकर 13.67 करोड़ रुपये दिखाया। जब महिला ने रकम निकालने की कोशिश की तो ठगों ने उससे अतिरिक्त भुगतान की मांग कर दी।
लिंक भेजकर डाउनलोड कराया फर्जी ट्रेडिंग ऐप
पुलिस के मुताबिक, घोड़बंदर रोड की रहने वाली महिला को साइबर जालसाजों ने एक लिंक भेजा था। इस लिंक के जरिए उसे फर्जी ट्रेडिंग ऐप डाउनलोड कराया गया। इसके बाद 4 अगस्त से 10 सितंबर के बीच महिला ने कई बैंक खातों में कुल 1.1 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए।
ऐप पर महिला के निवेश का मुनाफा लगातार बढ़ता हुआ दिखाया जाता रहा। इससे उसे अपने निवेश और ऐप पर दिख रही रकम पर भरोसा होता गया।
13.67 करोड़ दिखे, लेकिन रकम निकालने पर अटकाया
ठगी का खुलासा तब हुआ जब महिला ने ऐप पर दिखाई जा रही रकम निकालने की कोशिश की। उसके खाते में 13.67 करोड़ रुपये का मुनाफा दिख रहा था, लेकिन रकम निकालने के लिए उससे अतिरिक्त भुगतान करने को कहा गया।
इसी दौरान महिला को शक हुआ कि उसके साथ साइबर ठगी की जा रही है। इसके बाद उसने ठाणे साइबर पुलिस से शिकायत की।
बैंक खातों और ऐप संचालकों की जांच
शिकायत के आधार पर साइबर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
साइबर पुलिस स्टेशन के इंस्पेक्टर राहुल सोनवणे ने बताया कि मामले की जांच जारी है। पुलिस उन बैंक खाताधारकों और फर्जी ट्रेडिंग ऐप को संचालित करने वाले लोगों की पहचान करने में जुटी है, जिनके जरिए महिला से रकम ट्रांसफर कराई गई।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।