राहुल गुप्ता
मुंबई, 28 सितंबर। मुंबई के सांताक्रूज ईस्ट इलाके में सोमवार सुबह गटर की सफाई के दौरान बड़ा हादसा हो गया। गोलिबार रोड नंबर 8 पर वी.एन. देसाई अस्पताल के पास नगर निगम के मैनहोल में गिरने से एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों मजदूर भव्या निकेतन सोसायटी की सीवर लाइन की सफाई का काम कर रहे थे। हादसे की सूचना मिलते ही बीएमसी फायर ब्रिगेड, पुलिस और 108 एंबुलेंस की टीम मौके पर पहुंची और दोनों मजदूरों को मैनहोल से बाहर निकाला।
सफाई के दौरान मैनहोल में गिरे दोनों मजदूर
जानकारी के मुताबिक, सोमवार सुबह करीब 10:56 बजे भव्या निकेतन सोसायटी की सीवर लाइन की सफाई का काम चल रहा था। इसी दौरान दो निजी मजदूर नगर निगम के मैनहोल में गिर गए। बताया जा रहा है कि सोसायटी की आंतरिक सीवर लाइन की सफाई के लिए निजी मजदूरों को काम पर लगाया गया था।
आरोप है कि सफाई के दौरान बीएमसी को सूचना दिए बिना नगर निगम का मैनहोल खोला गया। इसी दौरान दोनों मजदूर मैनहोल के अंदर गिर गए।
फायर ब्रिगेड ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन
हादसे की जानकारी मिलते ही बीएमसी फायर ब्रिगेड, पुलिस और 108 एंबुलेंस की टीम मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड के जवानों ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर दोनों मजदूरों को मैनहोल से बाहर निकाला। इसके बाद दोनों को वी.एन. देसाई अस्पताल ले जाया गया।
अस्पताल प्रशासन के मुताबिक, डॉक्टरों ने एक मजदूर को मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरे की हालत गंभीर है। घायल मजदूर को मेडिकल आईसीयू में भर्ती कराया गया है।
मृतक की पहचान संतोष काष्टे के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह सांताक्रूज की नवजीवन चॉल में रहते थे। घायल मजदूर की पहचान अजय के रूप में बताई गई है।
निजी ठेकेदार को लेकर उठे सवाल
घटना के बाद सीवर सफाई का काम कराने वाले निजी ठेकेदार को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। बताया गया है कि सफाई का काम विलास जाधव नाम के ठेकेदार की ओर से कराया जा रहा था। स्थानीय लोगों का दावा है कि जाधव मुंबई महानगरपालिका के सेवानिवृत्त कर्मचारी हैं।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, भव्या निकेतन सोसायटी के कुछ लोगों ने सीवर लाइन की सफाई के लिए विलास जाधव को बुलाया था। आरोप है कि इस काम की जानकारी बीएमसी अधिकारियों को नहीं दी गई थी।
हादसे के बाद वाकोला पुलिस ने ठेकेदार विलास जाधव को हिरासत में लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के लिए जिम्मेदारी तय करने की प्रक्रिया जारी है।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।