राहुल गुप्ता
परभणी, 26 सितंबर। महाराष्ट्र के परभणी जिले में गणेश विसर्जन के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। पालम शहर के गणेश मंडल के साथ विसर्जन के लिए गोदावरी नदी के तट पर गए दो युवक तेज बहाव में डूब गए। हादसा पूर्णा तालुका के धनोरा काले गांव स्थित गोदावरी नदी बेसिन में हुआ। घटना के बाद गणेश मंडल के सदस्यों में मातम पसर गया।
मूर्ति विसर्जित करते समय बिगड़ा संतुलन
मिली जानकारी के अनुसार, पालम शहर के गणेश मंडल के कार्यकर्ता गाजे-बाजे के साथ श्री गणेश की मूर्ति विसर्जित करने धनोरा काले पहुंचे थे। नदी पर बने पुल से मूर्ति को पानी में छोड़ते समय दो युवकों का अचानक संतुलन बिगड़ गया और वे उफनती गोदावरी नदी में जा गिरे।
नदी में डूबे युवकों की पहचान मुंजाजी अशरोब घोरपड़े (17) और गजानन रामदास घोरपड़े (20) के रूप में हुई है।
साथियों ने भी नदी में लगाई छलांग
हादसा होते ही गणेश मंडल के 3 से 4 युवकों ने दोनों को बचाने के लिए तुरंत नदी में छलांग लगा दी। हालांकि काफी कोशिशों के बावजूद वे दोनों युवकों को पानी से बाहर नहीं निकाल सके।
देर रात तक चला सर्च ऑपरेशन
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से गोदावरी नदी में दोनों युवकों की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन शुरू कराया।
अंधेरा होने के बावजूद देर रात तक रेस्क्यू और सर्च ऑपरेशन जारी रहा, लेकिन दोनों युवकों का कोई सुराग नहीं मिल सका। पुलिस प्रशासन ने सुबह दोबारा व्यापक स्तर पर खोजबीन अभियान शुरू किया।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।