VHP की मांग पर उद्धव ने कहा- जब ये लोग नहीं थे, तब से हम त्योहार मनाते आ रहे हैं; सरकार पर त्योहारों के दौरान दंगा भड़काने की साजिश का भी लगाया आरोप
Rahul Gupta
मुंबई, 8 सितंबर। शिवसेना (UBT) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने नवरात्रि के गरबा आयोजनों में मुसलमानों की एंट्री पर पाबंदी और हिंदुओं से टीका लगाकर आने की विश्व हिंदू परिषद (VHP) की मांग पर निशाना साधा है। उद्धव ठाकरे ने तंज कसते हुए कहा कि ये सिर्फ गोमूत्रधारी हिंदू हैं और यही इनका हिंदुत्व है। उन्होंने कहा कि ये पहले नहीं थे, लेकिन अब नई-नई मांगें कर रहे हैं। जब ये लोग नहीं थे, तब से हम त्योहार मनाते आ रहे हैं।
त्योहारों के दौरान दंगे की साजिश का जताया अंदेशा
उद्धव ठाकरे ने सरकार पर त्योहारों के दौरान दंगा भड़काने की साजिश की आशंका जताई। उन्होंने कहा कि गणपति से पहले दो हादसे हो चुके हैं। उनके मुताबिक, मुंबई जैसे शहर में बाहर से कोई व्यक्ति आता है, गलत हरकत करके चला जाता है और किसी को इसकी जानकारी तक नहीं होती।
उन्होंने सवाल उठाया कि सरकार ऐसे मामलों को रोकने के लिए कोई कदम क्यों नहीं उठाती। उद्धव ठाकरे ने त्योहारों के दौरान सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार से जवाब मांगा।
‘शेर का ऑपरेशन करने वाला अभी पैदा नहीं हुआ’
ऑपरेशन टाइगर को लेकर भी उद्धव ठाकरे ने टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि शेर का ऑपरेशन करने वाला अभी कोई पैदा नहीं हुआ है।
राष्ट्रीय पुरस्कारों को दिल्ली से गुजरात में स्थानांतरित किए जाने को लेकर भी उन्होंने सवाल उठाए। उद्धव ठाकरे ने पूछा कि मुंबई, दिल्ली, बेंगलुरु और कोलकाता क्या देश के शहर नहीं हैं? उन्होंने आरोप लगाया कि गुजरात और देश के बीच दीवार खड़ी करने की कोशिश की जा रही है और इसके पीछे राजनीति की जा रही है।
UBT पार्षदों पर कार्रवाई को लेकर सवाल
उद्धव ठाकरे ने शिवसेना (UBT) के पार्षदों के जाति प्रमाणपत्र को लेकर उनके पद रद्द किए जाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि 16 लोगों ने शिंदे गुट के खिलाफ याचिका दाखिल की है और उनकी याचिकाओं पर फैसले हो रहे हैं।
उद्धव ठाकरे ने दावा किया कि शिवसेना (UBT) की ओर से शिंदे गुट के खिलाफ दाखिल याचिकाओं पर कोई फैसला नहीं हो रहा है। उन्होंने सवाल किया कि दोनों मामलों में इस तरह का भेदभाव क्यों किया जा रहा है।
दिल्ली बिल्डिंग हादसे पर भी सरकार को घेरा
दिल्ली में इमारत गिरने से हुई मौतों को लेकर भी उद्धव ठाकरे ने सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार तो हो ही रहा है और अब दिल्ली में बीजेपी की सरकार है, फिर ऐसे हादसे क्यों हो रहे हैं।
उन्होंने सवाल किया कि क्या जर्जर इमारतों का निरीक्षण नहीं किया गया था? क्या ऐसी इमारतों की कोई सूची नहीं बनाई गई थी और समय रहते कोई कदम क्यों नहीं उठाया गया? उद्धव ठाकरे ने कहा कि इस मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।